Lok sabha Election 2024 (कुमार गौरव): भारतीय जनता पार्टी 2024 लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गई है। दिल्ली से सटे गाजियाबाद में बीजेपी के उत्तर क्षेत्र के विस्तारकों की दो दिवसीय बैठक का पहला चरण समाप्त हुआ। आज चुनावी राज्यों को छोड़ बाकी दस राज्यों के विस्तारकों ने बैठक में हिस्सा लिया। बैठक में बीजेपी ने 2024 के लोकसभा चुनाव में पचास फीसदी से अधिक वोट पाने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए अपने विस्तारकों को मैदान में उतार रही है। देश भर के सभी लोकसभा सीट पर पार्टी विस्तारक नियुक्त कर रही है।
बीजेपी ने सभी लोकसभा क्षेत्र के लिए विस्तारक नियुक्त किया
सूत्रों के मुताबिक पार्टी ने सभी लोकसभा सीटों पर विस्तारक नियुक्त कर दिया है। अब आज से इन विस्तारकों को प्रशिक्षण देने का काम शुरू किया गया है। उत्तरी क्षेत्र के विस्तारक आज गाजियाबाद में जुटे और संगठन महामंत्री बीएल संतोष ,महासचिव सुनील बंसल और विस्तारक योजना के संयोजक उत्तर प्रदेश के पूर्व उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने उन्हें,संगठन के काम की बारीकियां सिखाई।
उत्तर क्षेत्र के विस्तारकों की दो दिवसीय बैठक
आज की बैठक में 10 राज्यों के विस्तारक शामिल हुए है। कल भी ये बैठक चलेगी। कल दूसरे दिन की बैठक में इस क्षेत्र के सभी 14 राज्यों के विस्तारक शामिल होंगे। दूसरी तरफ आज पश्चिम बंगाल में भी पूर्वी राज्यों के विस्तारको के प्रशिक्षण वर्ग की शुरुआत हुई। कल दूसरे दिन पश्चिम बंगाल में भी बीएल संतोष पूर्वी क्षेत्र के विस्तारकों को जीत का मंत्र देंगे।
विस्तारकों को सौंपा गया विशेष काम
बीजेपी अपने विस्तारकों के जरिए विपक्ष के जातीय जनगणना समेत सभी चुनावी एजेंडे को जमीन पर तोड़ने का प्रयास करेगी। तमाम विस्तारकों को अलग अलग लोकसभा क्षेत्र में पीएम मोदी के गरीब कल्याण के काम को जनता तक ले जाने का काम सौंपा गया है। पार्टी की तरफ से विस्तारकों को 6 सूत्री एजेंडे पर काम करने का निर्देश दिया गया है।
- केंद्रीय योजना का विस्तार करना है, खुद से लाभान्वित की सूची ,रिकॉर्ड तैयार करना और संपर्क लगातार बनाए रखना है।
- लाभार्थी बनाना है, जिसको कुछ मिल सकता है ,उसको लाभार्थी बना कर खड़ा कर देना है उदाहरण के तौर पर दस परिवार का भी गांव या टोला है तो वहा भी कोई न कोई लाभार्थी हो।
- कार्यकर्ता विस्तार करना है पार्टी से जोड़ना है। वैसे लोग जो पार्टी के साथ जुड़ा है,वोटर है ,लेकिन, दूसरे से नही कहता है की आप बीजेपी को वोट कीजिए। वैसे व्यक्ति की पहचान कर उनको वोटर जोड़ने के काम में लगाना है,उनको कन्विंस करना है।
- बुजुर्ग लोगो को जोड़ना है, जो घर बैठ गए हैं मोदी से उत्साहित है। साथही जो पार्टी से जुड़ना चाहते हैं वैसे बुजुर्ग और युवा को कुछ न कुछ काम देकर पार्टी के साथ जोड़ लेना है।
अपना बूथ सबसे मजबूत में कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित करना,निरंतर बैठक करना है।
- सभी वर्ग की महिलाओं के बीच पैठ बनाना है।
- गैर राजनीतिक बीजेपी के विरोधी लोगों से संपर्क साधना है। उनको पार्टी के पक्ष में लाने का प्रयास करना है लेकिन किसी भी स्थिति में उनसे विवाद नहीं करना है। इस काम के पन्ना प्रमुख से मदद लेने का भी निर्देश दिया गया है।
विस्तारकों की बैठक में बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं ने साफ साफ कहा है कि विस्तारक संगठन के साथ समन्वय बनाएं, जनप्रतिनिधियों को साथ समन्वय, निचले बूथ स्तर तक या पन्ना प्रमुख तक के कार्यकर्ताओं के साथ आपसी समन्वय बनाएं और पार्टी की नीतियों को नीचे तक पहुंचाए।