IND vs WI: शाई होप ने तोड़ा क्रिस गेल का रिकॉर्ड, लगातार दूसरा शतक जड़कर बनाए 3 बड़े कीर्तिमान
IND vs WI: भारत के खिलाफ तीसरे और आखिरी वनडे में वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने शानदार शतक जड़ दिया. होप ने जूझारू बल्लेबाजी करते हुए 104 गेंदों में अपना शतक पूरा किया. यह उनके वनडे करियर का 21वां शतक रहा. इस शतक के साथ होप ने 3 बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए हैं.
शाई होप ने जड़ा भारत के खिलाफ 5वां शतक (PIC Credit - PTI/ANI)
IND vs WI, Shai Hope: वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने भारत के खिलाफ तीसरे वनडे में शानदार बल्लेबाजी करते हुए लगातार दूसरा शतक जड़ दिया. न्यू चंडीगढ़ में खेले जा रहे इस मुकाबले में होप ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 104 गेंदों में अपना शतक पूरा किया. यह इस वनडे सीरीज में उनका दूसरा शतक है, जबकि वनडे क्रिकेट में यह उनका 21वां शतक रहा. इस शतक के साथ ही होप ने 3 बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए हैं. उन्होंने भारत के खिलाफ एक खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है और इस मामले में उन्होंने वेस्टइंडीज के पूर्व धाकड़ बल्लेबाज क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है.
विज्ञापन
शाई होप ने तोड़ा क्रिस गेल का रिकॉर्ड
352 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम को 41 रन के स्कोर पर जॉन कैंपबेल के रूप में पहला झटका लगा था. कैंपबेल 7 गेंदों पर सिर्फ 10 रन बनाकर आउट हो गए. हालांकि, कप्तान शाई होप ने एक छोर पर टिके रहे और अपनी शानदार फॉर्म को जारी रखते हुए 46 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया. होप ने पारी को संभाले रखा और आमिर जंगू के साथ मिलकर 109 रन की साझेदारी की. इसके अलावा, उन्होंने शेरफेन रदरफोर्ड के साथ 56 रन भी जोड़े.
विज्ञापन
कैरेबियाई कप्तान एक छोर से लगातार रन बटोरते रहे और 104 गेंदों में अपना शतक पूरा किया. यह होप का भारत के खिलाफ 5वां वनडे शतक रहा. इसी के साथ वह टीम इंडिया के खिलाफ सबसे ज्यादा वनडे शतक लगाने वाले वेस्टइंडीज के बल्लेबाज बन गए हैं. भारत के खिलाफ यह होप का पांचवां वनडे शतक है. उन्होंने इस मामले में दिग्गज क्रिस गेल को पीछे छोड़ दिया है, जिन्होंने भारत के खिलाफ चार वनडे शतक लगाए थे.
सबसे तेज 21 ODI शतक लगाने वाले तीसरे बल्लेबाज
इस सेंचुरी के साथ शाई होप वनडे क्रिकेट में सबसे तेज 21 शतक लगाने के मामले में तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं. वनडे में सबसे तेज 21 शतक लगाने का रिकॉर्ड साउथ अफ्रीका के बल्लेबाज हाशिम अमला के नाम दर्ज है. उन्होंने यह कारनामा 116 पारियों में किया था. वहीं, भारत के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर मौजूद हैं, जिन्होंने 138 पारियों में 21 वनडे शतक पूरे किए थे. वहीं, अब होप ने 152वीं पारी में अपना 21वां वनडे शतक जड़कर इस खास लिस्ट में जगह बना ली है.
विज्ञापन
वनडे क्रिकेट में सबसे तेज 21 शतक लगाने वाले बल्लेबाज
हाशिम अमला – 116 पारियां
विराट कोहली – 138 पारियां
शाई होप – 152 पारियां*
🚨 FASTEST TO COMPLETE 21 HUNDREDS IN ODI HISTORY 🚨
भारत के खिलाफ शतकीय पारी के दौरान शाई होप ने विकेटकीपर-कप्तान के तौर पर भी बड़ा रिकॉर्ड बनाया. कप्तानी और विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभालते हुए वनडे क्रिकेट में यह उनका 8वां शतक है. इस मामले में होप ने कई दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया है. भारत के पूर्व कप्तान और महान विकेटकीपर बल्लेबाज एमएस धोनी ने विकेटकीपर-कप्तान के तौर पर वनडे में छह शतक लगाए थे और वह इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं. वहीं, साउथ अफ्रीका के पूर्व दिग्गज एबी डिविलियर्स 4 शतकों के साथ तीसरे स्थान पर हैं.
39 वर्षीय शाई होप ने साल 2016 में श्रीलंका के खिलाफ अपना वनडे डेब्यू किया था. होप वेस्टइंडीज के लिए अब तक 158 वनडे मैच खेल चुके हैं और 152 पारियों में करीब 50 की शानदार बल्लेबाजी औसत से 6500 से अधिक रन बना चुके हैं. इस दौरान उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 170 रन रहा है. होप के नाम वनडे क्रिकेट में 21 शतक और 32 अर्धशतक दर्ज हैं. वह इस फॉर्मेट में 500 से अधिक चौके और 100 से ज्यादा छक्के भी लगा चुके हैं. वेस्टइंडीज के लिए होप की निरंतरता और बड़ी पारियां उन्हें टीम के प्रमुख बल्लेबाजों में शुमार कर दिया है.