PBKS vs RCB Final: 70 लीग मैच, दो क्वालिफायर और एलिमिनेटर के बाद वो 2 टीमें मिल चुकी हैं, जो आईपीएल 2025 के खिताब पर कब्जा जमाने से महज एक कदम दूर खड़ी हैं। आईपीएल का इतिहास इस बार बदलने वाला है, क्योंकि इंडियन प्रीमियर लीग को इस साल नया चैंपियन मिलेगा। फाइनल मैच में आरसीबी का सामना पंजाब किंग्स से होना है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम 9 साल बाद फाइनल में पहुंची है, जबकि पंजाब ने भी 11 साल बाद खिताबी मैच का टिकट कटाया है।
आरसीबी इससे पहले तीन बार फाइनल में पहुंच चुकी है, लेकिन हर बार टीम का सपना चकनाचूर हो गया। मगर इस बार कहानी एकदम अलग है। आरसीबी खेल के हर विभाग में पूरी तरह से हावी नजर आई है। कमजोरी से ज्यादा बेंगलुरु के खेमे में मजबूत पक्ष नजर आ रहे हैं। हालांकि, सवाल वही है कि क्या 17 साल का वो सूखा इस बार खत्म हो पाएगा?
दमदार नजर आई है आरसीबी
आरसीबी इस सीजन बतौर टीम जबरदस्त फॉर्म में दिखाई दी है। बल्लेबाजी हो या फिर गेंदबाजी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु खेल के हर विभाग में पूरी तरह से हावी नजर आई है। आरसीबी इससे पहले भी तीन बार फाइनल में पहुंच चुकी है, लेकिन टीम का इस तरह से दबदबा अब तक कभी दिखाई नहीं दिया था। फिल सॉल्ट और विराट कोहली ने टीम को लगभग हर मुकाबले में बेहतरीन शुरुआत देने का काम किया है। वहीं, नंबर तीन पर देवदत्त पडिक्कल के बाद मयंक अग्रवाल ने भी अपनी जिम्मेदारी को बखूबी समझा है। नंबर चार पर कप्तान रजत पाटीदार पूरी तरह से असरदार साबित हुए हैं।
फिनिशर की कमजोरी हुई है दूर
आईपीएल 2025 में आरसीबी के लिए सबसे अच्छी बात फिनिशर का धांसू प्रदर्शन रहा है। टॉप ऑर्डर के फेल होने के बाद जितेश शर्मा, रोमारियो शेफर्ड और टिम डेविड ने अहम मौके पर बल्ले से योगदान दिया है। खासतौर पर टिम डेविड ने अपने प्रदर्शन से टीम में अलग जान फूंकने का काम किया है। जितेश ने पहले क्वालिफायर में जिस तरह की पारी खेली उसके बाद टीम का मनोबल काफी ऊपर होगा।
कमजोरी बनी इस सीजन ताकत
आरसीबी की गेंदबाजी को हर सीजन टीम की सबसे बड़ी कमजोरी माना जाता था। खासतौर पर डेथ ओवर्स में टीम के गेंदबाज रनों पर लगाम लगाने में पूरी तरह से नाकाम रहते थे। हालांकि, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड और यश दयाल की तिकड़ी ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की इस कमजोरी को आईपीएल 2025 में पूरी तरह से दूर कर दिया है। हेजलवुड इस सीजन 21 विकेट निकाल चुके हैं, तो भुवी ने 15 विकेट झटके हैं। वहीं, यश दयाल की झोली में भी 12 विकेट आए हैं। बीच के ओवरों में सुयश शर्मा टीम की सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरे हैं।
यानी आईपीएल 2025 में जिस तरह का खेल आरसीबी ने अब तक दिखाया है उसे देखते हुए टीम के पहली बार चैंपियन बनने के आसार तो काफी नजर आ रहे हैं। हालांकि, बेंगलुरु टीम के लिए यह जरूरी है कि इस सीजन के स्टार खिलाड़ी फाइनल मुकाबले में भी अपना जलवा बिखेरने में सफल रहें।