T20 World Cup 2026: भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में खेली जा रही टी20 वर्ल्ड कप 2026 अब अपने अंतिम पड़ाव पर है. सुपर-8 के कुछ ही मुकाबले बचे हैं और सेमीफाइनल की तस्वीर लगभग साफ हो चुकी है. इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका ने सेमीफाइनल का टिकट कटा लिया है, जबकि बाकि दो स्थानों के लिए लड़ाई जारी है. इसी बीच खबर आई है कि न्यूजीलैंड के स्टार तेज गेंदबाज मैट हेनरी इंग्लैंड के खिलाफ मैच खेलने के बाद अचानक अपने घर लौट जाएंगे. हेनरी के घर लौटने की वजह भी सामने आ चुकी है.
मैट हेनरी क्यों लौट रहे हैं घर?
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में आज (27 फरवरी) इंग्लैंड और न्यूजीलैंड की टीमें आमने-सामने हैं. सेमीफाइनल के लिहाज से यह मैच न्यूजीलैंड के लिए बेहद अहम है. अगर कीवी टीम यह मैच जीत जाती है तो वह सीधे सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी, लेकिन अगर हार जाती है तो मामला बिगड़ सकता है. वहीं, न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी यह मैच खेलकर अपने घर वापस चले जाएंगे, क्योंकि वह दूसरी बार पिता बनने वाले हैं.
इसी वजह से उन्होंने अचानक टीम छोड़कर घर लौटने का फैसला किया है. हालांकि, खबर यह भी है कि अगर न्यूजीलैंड सेमीफाइनल में पहुंचती है तो वे दोबारा टीम से जुड़ सकते हैं. लेकिन फिलहाल इसकी संभावना कम मानी जा रही है. अगर टीम अंतिम-4 में पहुंचती है तो उसे 4 या 5 मार्च को अगला मैच खेलना होगा.
ये भी पढ़ें- वरुण चक्रवर्ती की गेंदबाजी पर उठे सवाल, सामने आया दुनिया के नंबर-1 टी20 बॉलर का नेगेटिव साइड
इंग्लैंड से हारकर भी सेमीफाइनल में पहुंच सकता है न्यूजीलैंड
न्यूजीलैंड ने इस टूर्नामेंट में अब तक शानदार खेल दिखाया है, लेकिन उसकी सेमीफाइनल की सीट अभी पक्की नहीं हुई है. न्यूजीलैंड ने सुपर 8 में अब तक दो मैच खेले हैं और उसके तीन अंक हैं. पाकिस्तान के खिलाफ एक मुकाबला बारिश की वजह से रद्द हो गया था. खास बात यह है कि इंग्लैंड के खिलाफ मैच हारने के बावजूद भी न्यूजीलैंड सेमीफाइनल में पहुंच सकती है, बस उसे बड़ी हार से बचना होगा.
पाकिस्तान का नेट रन रेट पहले से ही काफी खराब है, इसलिए उनके आगे बढ़ने के चांस कम नजर आ रहे हैं. इंग्लैंड की टीम पहले ही सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुकी है और अब पाकिस्तान-न्यूजीलैंड में से किसी एक टीम को ही सेमीफाइनल का टिकट मिलेगा.










