Rishabh Pant IND vs ENG: हेडिंग्ले में भले ही टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा, लेकिन ऋषभ पंत का बल्ला जमकर बोला। पंत ने टेस्ट की दोनों ही पारियों में जबरदस्त बल्लेबाजी करते हुए शतक जमाया। भारत की ओर से एक ही टेस्ट में दो सेंचुरी लगाने वाले पंत पहले विकेटकीपर बल्लेबाज भी बने। इसके साथ ही टीम इंडिया की ओर से बतौर विकेटकीपर सबसे ज्यादा सेंचुरी लगाने का रिकॉर्ड भी अब पंत के नाम दर्ज हो गया है। भारतीय टीम पंत से एजबेस्टन में भी ऐसे ही धांसू प्रदर्शन की उम्मीद करेगी। बाएं हाथ के बल्लेबाज के पास दूसरे टेस्ट में किंग कोहली का रिकॉर्ड चकनाचूर करने का भी सुनहरा मौका होगा।
कोहली के रिकॉर्ड पर पंत की निगाहें
दरअसल, टेस्ट क्रिकेट में ऋषभ पंत के बल्ले से इंग्लैंड के खिलाफ अब तक कुल 5 शतक निकले हैं, जिसमें से चार सेंचुरी तो इंग्लिश सरजमीं पर ही आई है। भारत की ओर से इंग्लैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर और राहुल द्रविड़ के नाम दर्ज है। इन दोनों ने ही 7 शतक जमाए हैं। वहीं, इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर मोहम्मद अजहरुद्दीन और तीसरे नंबर पर विराट कोहली-पंत हैं। अब अगर एजबेस्टन में पंत एक शतक लगाने में सफल रहते हैं, तो वह विराट कोहली को पीछे छोड़ देंगे। पंत की मौजूदा फॉर्म को देखते हुए यह कतई मुश्किल नजर नहीं आता है।
हेडिंग्ले में मचाया था धमाल
ऋषभ पंत का बल्ला हेडिंग्ले में जमकर बोला था। पहली इनिंग में भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ने शानदार बैटिंग करते हुए 178 गेंदों पर 134 रन की धांसू पारी खेली थी। अपनी इस इनिंग के दौरान पंत ने 12 चौके और 6 सिक्स जमाए थे। वहीं, दूसरी इनिंग में ऋषभ ने एक और शतक जमाया था। पंत ने 140 गेंदों का सामना करते हुए 118 रन ठोके थे। भारतीय टीम पंत से दूसरे टेस्ट में भी कुछ ऐसे ही प्रदर्शन की उम्मीद करेगा।