Jasprit Bumrah: रोहित शर्मा ने पिछले महीने ही टेस्ट प्रारूप से संन्यास का ऐलान कर दिया। उनके संन्यास के बाद भारतीय टीम के सीनियर गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को अगला टेस्ट कप्तान के रूप में देखा जा रहा था। लेकिन बाद में शुभमन गिल को टेस्ट की कप्तानी सौंपी गई। हालांकि बीसीसीआई ने जसप्रीत बुमराह को कप्तानी ऑफर की थी। लेकिन बुमराह ने भारतीय टीम की कप्तानी करने से मना कर दिया। जस्सी ने इसके पीछे की वजह भी बताई है और अपने ताजा इंटरव्यू में खुलासा भी किया है।
जसप्रीत बुमराह ने बताई वजह
स्काई स्पोर्ट्स से बात करते हुए जसप्रीत बुमराह ने कहा कि रोहित शर्मा और विराट कोहली के रिटायर होने से पहले मैंने बीसीसीआई से बात की थी, मैंने पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में आगे बढ़ने के लिए कार्यभार के बारे में चर्चा की है, मैंने उन लोगों से बात की है जो मेरी पीठ के इलाज को मैनेज करते हैं। हम इस निष्कर्ष पर पहुंचे कि हमें थोड़ा और स्मार्ट होना होगा, फिर मैंने बीसीसीआई को फोन किया कि मैं नेतृत्व की भूमिका में नहीं देखा जाना चाहता क्योंकि मैं सभी टेस्ट मैच नहीं खेल पाऊंगा, बीसीसीआई मुझे नेतृत्व की भूमिका के रूप में देख रहा था लेकिन मुझे उन्हें मना करना पड़ा क्योंकि यह आदर्श नहीं है जब कोई 3 टेस्ट के लिए नेतृत्व कर रहा है तो किसी अन्य को बाकी टेस्ट का नेतृत्व करना पड़ता है, इसलिए यह टीम के लिए उचित नहीं है क्योंकि मैं टीम को पहले रखना चाहता था।
जस्सी पर सभी की निगाहें
जसप्रीत बुमराह फिलहाल इंग्लैंड में 5 मैचों की टेस्ट सीरीज खेलने के लिए तैयार हैं। हालांकि वह इस दौरे पर सभी 5 टेस्ट मैच नहीं खेलेंगे। माना जा रहा है कि वह 3 से 4 टेस्ट मैच खेल सकते हैं। वह अपनी पीठ की समस्या को देखते हुए फैसले लेंगे। लेकिन इंग्लैंड के खिलाफ जसप्रीत बुमराह भारतीय टीम के लिए काफी अहम हैं। उनके ऊपर तेज गेंदबाजी युनिट की जिम्मेदारी है।