6 फीट 3 इंच लंबा बॉलर जिसने विराट कोहली को दिलाया गुस्सा, अब बन गया है टीम का हीरो

Ranji Trophy 2024: सौराष्ट्र को हराने में अहम भूमिका निभाने वाले तमिलनाडु के इस तेज गेंदबाज की चर्चा हर कोई कर रहा है। उन्होंने विराट कोहली संग अपना अनुभव शेयर किया है, जहां उन्होंने भारतीय बल्लेबाज को गुस्सा दिया था।

Gurjapneet Singh with Virat Kohli

Gurjapneet Singh with Virat Kohli

Gurjapneet Singh: रणजी ट्रॉफी 2024-25 में सोमवार को सौराष्ट्र को झकझोरने वाले तमिलनाडु के तेज गेंदबाज गुरजपनीत सिंह ने अपने प्रदर्शन से सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा है। उन्होंने दूसरी पारी में 22 रन देकर छह विकेट लिए जिससे सौराष्ट्र की टीम 94 रन के मामूली स्कोर पर निपट गई। गुरजपनीत की कहर बरपाती गेंदबाजी के आगे सौराष्ट्र के केवल तीन बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार कर सके। चेतेश्वर पुजारा को तो उन्होंने खाता भी नहीं खोलने दिया।

उन्होंने इस शानदार गेंदबाजी के बाद भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली को लेकर एक किस्सा शेयर किया है। उन्होंने बताया कि पिछले महीने बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले नेट सेशन में कोहली को क्लीन बोल्ड करने के बाद भारतीय बल्लेबाज ने उनकी तरफ गुस्से में देखा था।

बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले एमए चिदंबरम स्टेडियम में भारत के ट्रेनिंग कैंप के दौरान गुरजपनीत ने विराट को आउट करने के बाद जश्न नहीं मनाया। उन्होंने कहा कि वो यह पल जिंदगी में कभी नहीं भूलेंगे। कोहली ने इसके बाद तेज गेंदबाज को स्ट्रेट ड्राइव मारकर जवाब दिया। बाद में विराट ने उन्हें सलाह भी दी थी।

गुरजपनीत ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया, ‘उनको क्लीन बोल्ड करने के बाद मैंने उनकी तरफ देखा लेकिन दोबारा से उनकी तरफ देखने की हिम्मत नहीं जुटा पाया। वह बहुत-बहुत गुस्से में थे। लेकिन मुझे एहसास हुआ कि वह किसी दूसरी चीज से नहीं बल्कि खुद से ज्यादा नाराज थे। उन्होंगे अगली गेंद पर स्ट्रेट ड्राइव लगाने के बाद मेरी तरफ देखा और मुस्कुराए।’

गुरजपनीत ने शेयर की विराट संग बातचीत

भारतीय तेज गेंदबाज ने विराट संग हुई बातचीत को शेयर करते हुए कहा, ‘विराट ने मुझसे कहा कि जब गेंद हिल न रही हो तब एंगल बदलो और अराउंड दी विकेट बॉलिंग की कोशिश करो। इस एंगल के साथ अगर थोड़ा सा मूवमेंट मिलता है तो ज्यादातर बल्लेबाजों को दिक्कत होगी।’

गुरजपनीत ने बताए अपने रोल मॉडल गेंदबाज

6 फीट 3 इंच के गुरजपनीत वैसे तो पंजाब से नाता रखते हैं, लेकिन करियर की शुरुआत में उन्हें यहां से ज्यादा मौके नहीं मिले, जिसके बाद वो चेन्नई में शिफ्ट हो गए। गुरजपनीत बताते हैं कि वो मोहम्मद आमिर, शोएब अख्तर, मोहम्मद आसिफ और वसीम अकरम जैसे तेज गेंदबाजों को देखकर प्रभावित हुए हैं और यही उनके तेज गेंदबाज बनने की वजह हैं।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
होम पेज पर वापस जाएँ