Ganesh Chaturthi 2025 Upay: गणपति बप्पा मोरया…. जल्द ही ये गूंज आपको देश की हर गली में सुनाई देगी। दरअसल, 27 अगस्त 2025, वार बुधवार को देशभर में गणेश चतुर्थी का पर्व मनाया जाएगा। पौराणिक कथा के अनुसार, प्राचीन काल में भाद्रपद माह की शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि को बुद्धि, समृद्धि और सौभाग्य के देवता गणेश जी का जन्म हुआ था। इसलिए हर साल चतुर्थी तिथि पर गणेश चतुर्थी का त्योहार मनाया जाता है। हालांकि ये पर्व 10 दिन तक चलता है, जिसका समापन अनन्त चतुर्दशी के दिन गणेश विसर्जन के साथ होता है।
धार्मिक मान्यता के अनुसार, गणेश चतुर्थी के दिन पूरी श्रद्धा से बप्पा की पूजा, व्रत और कुछ विशेष उपाय करने से साधक को लाभ होता है। चलिए अब जानते हैं गणेश चतुर्थी के दिन गणपति बप्पा को खुश करने के प्रभावशाली उपायों के बारे में।
आर्थिक कष्ट दूर करने का उपाय
जिन लोगों की आर्थिक स्थिति सही नहीं है या जिन लोगों के ऊपर बहुत ज्यादा कर्ज चढ़ा हुआ है, वो इस पावन दिन गणेश जी की पूजा करें। साथ ही हाथी और गौ माता को हरा चारा खिलाएं। इससे आपको पुण्य मिलेगा और धन प्राप्ति की राह में आ रही समस्याएं दूर होने लगेंगी।
गृह क्लेश से मुक्ति पाने का उपाय
जिन लोगों के घर में आए-दिन क्लेश होते हैं, वो गणेश चतुर्थी के पावन दिन गणपति बप्पा की पूजा करें। साथ ही गणेश जी को गुड़ का भोग लगाएं। पूजा करने के बाद गौ माता की सेवा करें और उन्हें गुड़ खिलाएं। ऐसा करने से आपको पुण्य मिलेगा और घर में चल रहा क्लेश धीरे-धीरे कम होने लगेगा। इसके अलावा जल्द शादी करने के लिए सिंगल जातक भी ये उपाय कर सकते हैं।
मनोकामना पूर्ति का उपाय
यदि आपकी कोई इच्छा लंबे समय से पूरी नहीं हो रही है तो गणेश चतुर्थी के शुभ दिन सच्चे मन से गणपति बप्पा की पूजा करें। गणेश जी को 21 गुड़ की गोलियां और दूर्वा अर्पित करें। इस दौरान गणेश मंत्रों का उच्चारण करें। अंत में अपनी मनोकामना को तीन बार बोलें और जाने-अनजाने में की गई गलतियों के लिए माफी मांगें। इस उपाय से आपकी कोई भी इच्छा पूरी हो सकती है।
पापों से मुक्ति पाने का उपाय
गणेश चतुर्थी के दिन अपने घर में गणपति बप्पा की मूर्ति स्थापित करें। पूरे दिन व्रत रखें और गरीबों को अन्न का दान करें। 10 दिन बाद मूर्ति विसर्जित कर दें। ऐसा करने से आपको भगवान गणेश का विशेष आशीर्वाद मिलेगा और पाप भी नष्ट होने लगेंगे।
नजर दोष से बचने का उपाय
यदि आपको बार-बार नजर लगती है या स्वास्थ्य कुछ खास अच्छा नहीं रहता है तो अपने घर में पीले रंग की गणेश प्रतिमा की स्थापना करें। 10 दिन तक व्रत रखें और उनकी पूजा करें। इसी के साथ गणेश जी को हल्दी की पांच गांठ चढ़ाएं। ऐसा करने से आपकी कुंडली में ग्रहों की स्थिति मजबूत होगी और बार-बार नजर नहीं लगेगी।
डिस्क्लेमर: यहां दी गई जानकारी धार्मिक मान्यताओं पर आधारित है तथा केवल सूचना के लिए दी जा रही है। News24 इसकी पुष्टि नहीं करता है।