Telangana Man falls between train and platform at Vikarabad Railway Station: पुरानी कहावत है, ‘जाको राखे साइयां मार सके न कोय, बाल न बांका करि सके जो जग बैरी होय’ यानी भगवान जिसकी रक्षा करते हैं उसे कोई नहीं मार सकता। जिसका मरना नहीं लिखा है वह चाहे कुछ भी हो जाए बच ही जाता है। कई बार तो ऐसी चमत्कार से भरी घटनाएं होती हैं जिनपर विश्वास नहीं होता है।
ऐसी कई घटनाएं आपने देखी और सुनी होंगी। ऐसा ही एक मामला तेलंगाना से आया है, जहां एक शख्स चमत्कारिक ढंग से बच गया। यह शख्स ट्रेन में चढ़ते समय ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच गिर गया था। यह तब हुआ जब रुक रही ट्रेन में उसने दौड़कर चढ़ने की कोशिश की।
घटना तेलंगाना के विकाराबाद रेलवे स्टेशन की है। वह शख्स चलती ट्रेन में चढ़ते समय अचानक गिर गया। प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों, रेलवे पुलिस बल और अधिकारियों ने तत्परता दिखाई और उसकी जान बचा ली। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। शख्स के अस्पताल में भर्ती होने का भी वीडियो है जिसमें डॉक्टर उसकी स्वास्थ्य जांच कर रही हैं। घटना का वीडियो जिसने भी देखा वह जान बचाने वालों की तारीफ किए बिना नहीं रह सका।
वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि वह शख्स रेलवे प्लेटफॉर्म पर ट्रेन की तरफ जाता है लेकिन अचानक बीच में गिर जाता है। वह ट्रेन के साथ दूर तक घिसटने लगता है। इसके बाद ट्रेन रुकने पर लोहे के सरिये की मदद से कर्मचारी और अधिकारी उसे बाहर निकालते दिखाई दे रहे हैं। हादसे के बाद शख्स को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों का कहना है कि उसकी हालत स्थिर है। इस हादसे की वजह से ट्रेन करीब एक घंटे 30 मिनट तक देर हो गई।