2 घंटे चली सर्वदलीय बैठक के बाद बोले राहुल गांधी- सरकार के एक्शन का करेंगे समर्थन, 25 को जाएंगे श्रीनगर

पहलगाम आतंकी हमले को लेकर भारत सरकार एक्शन मोड पर है। इसे लेकर केंद्र की मोदी सरकार ने सर्वदलीय बैठक बुलाई, जिसमें मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी समेत विपक्षी के नेता भी मौजूद रहे। यह मीटिंग करीब 2 घंटे तक चली।

RAHUL GANDHI

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर देशवासियों में आक्रोश व्याप्त है। इसे लेकर भारत सरकार ने पाकिस्तान के खिलाफ 5 बड़े फैसले लिए और सिंधु जल समझौता स्थगित कर दिया। इस मामले में केंद्र सरकार ने सर्वदलीय बैठक बुलाई, जिसमें सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेताओं ने पहलगाम अटैक में जान गंवाने वाले लोगों के लिए 2 मिनट का मौन रखा। इसके बाद केंद्रीय मंत्रियों ने विपक्षी नेताओं के सामने ब्रीफ किया।

25 अप्रैल को श्रीनगर जाएंगे राहुल गांधी

लोकसभा नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी 25 अप्रैल यानी शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर का दौरा करेंगे और घायलों से मुलाकात करेंगे। करीब 2 घंटे चली सर्वदलीय बैठक के बाद राहुल गांधी ने कहा कि सभी ने पहलगाम आतंकवादी हमले की निंदा की। विपक्ष ने सरकार को कोई भी कार्रवाई करने के लिए पूरा समर्थन दिया है।

सर्वदलीय बैठक में क्या बोले मल्लिकार्जुन खड़गे?

सर्वदलीय बैठक में भाग लेने के बाद कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बैठक की अध्यक्षता की, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मीटिंग में मौजूद थे। सभी दलों ने पहलगाम आतंकी हमले की अलोचना की। उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर में शांति बनाए रखने के प्रयास किए जाने चाहिए।

देश हित में सरकार के साथ खड़े हैं : टीएमसी सांसद

टीएमसी सांसद सुदीप बंद्योपाध्याय ने कहा कि सुरक्षा चूक पर चर्चा हुई। उन्होंने सरकार को आश्वासन दिया कि देश हित में सरकार जो भी फैसला लेगी, सभी राजनीतिक दल उसके साथ खड़े रहेंगे।

आतंकियों को उसकी भाषा में मुंहतोड़ जवाब दे : संजय सिंह

आप सांसद संजय सिंह ने कहा कि पूरा देश गुस्से में है, दुखी है और देश चाहता है कि केंद्र सरकार आतंकियों को उनकी भाषा में मुंहतोड़ जवाब दे। जिस तरह से उन्होंने निर्दोष लोगों की हत्या की है, उनके कैंपों को नष्ट किया जाना चाहिए और पाकिस्तान के खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए। यह घटना 22 अप्रैल को हुई और 20 अप्रैल को बिना सुरक्षा एजेंसियों की जानकारी के उस जगह को खोल दिया गया। सुरक्षा एजेंसियों को इसकी कोई जानकारी नहीं थी। उन्होंने मांग की है कि जवाबदेही तय की जानी चाहिए और कार्रवाई की जानी चाहिए कि सुरक्षा में चूक क्यों हुई?

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
होम पेज पर वापस जाएँ