---विज्ञापन---

देश angle-right

‘यहां यह नौटंकी नहीं चलेगी’, अभिजीत दीपके को लोगों ने पार्क से भगाया; जानें क्या है पूरा मामला

पार्क में बैठक करने पहुंचे अभिजीत दीपके और उनके समर्थकों को स्थानीय लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा. कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक दीपके अपनी टीम के सदस्यों सौरभ दास, आशुतोष रंका और कुछ समर्थकों के साथ यहां पहुंचे थे. बताया गया कि वे जंतर-मंतर सीजन-2 की तैयारियों को लेकर चर्चा करने के लिए पार्क में जुटे थे. हालांकि, सोसाइटी के लोगों ने इसका विरोध किया और उन्हें वहां से जाने को कहा.

---विज्ञापन---

जंतर-मंतर सीजन-2 की तैयारियों के लिए दिल्ली में बैठक की जगह तलाश रहे अभिजीत दीपके और उनकी टीम को एक रेजिडेंट सोसाइटी के पार्क में पहुंचना भारी पड़ गया. समर्थकों के साथ पार्क में बैठक शुरू होते ही स्थानीय लोग वहां पहुंच गए और उन्होंने इसका विरोध किया. लोगों ने साफ कहा कि सोसाइटी का पार्क धरना या राजनीतिक गतिविधियों के लिए नहीं है. विरोध बढ़ने पर पुलिस को बीच में आना पड़ा और आखिरकार दीपके को अपने साथियों के साथ वहां से लौटना पड़ा.

अभिजीत दीपके ने लगाए आरोप

इससे पहले अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया कि दिल्ली में वॉलंटियर्स के साथ बैठक के लिए उनकी टीम को जगह नहीं मिल रही थी. उन्होंने बताया कि इनडोर हॉल के लिए कई लोगों से संपर्क किया गया, लेकिन किसी ने भी जगह नहीं दी. दीपके के मुताबिक, कुछ लोगों ने साफ कहा कि उन पर ऊपर से दबाव है और वे कॉकरोच जनता पार्टी की बैठक के लिए हॉल उपलब्ध नहीं करा सकते हैं.

---विज्ञापन---

दीपके ने बताया कि काफी कोशिशों के बाद एक हॉल मिल गया था और इसके लिए बाकायदा भुगतान भी किया गया था. उन्होंने इसकी रसीद भी दिखाई. लेकिन अगले दिन सुबह हॉल देने वाले लोगों ने भी बैठक की अनुमति वापस ले ली. दीपके का दावा है कि उन्हें धमकाया गया और कहा गया कि अगर वहां कॉकरोच जनता पार्टी की बैठक हुई तो उन्हें उल्टा लटका दिया जाएगा.

पार्क में शुरू हुई बैठक का भी विरोध

हॉल का इंतजाम नहीं होने के बाद दीपके और उनकी टीम ने एक रेजिडेंट सोसाइटी के पार्क में समर्थकों के साथ बैठक शुरू कर दी. इस दौरान उन्होंने समर्थकों से पूछा कि अब किसका इस्तीफा चाहिए तो समर्थकों ने जवाब दिया ‘मोदी का’. इसी दौरान सोसाइटी के लोगों को इसकी जानकारी मिली और वे मौके पर पहुंच गए. स्थानीय लोगों ने साफ कहा कि यहां कोई नौटंकी नहीं चलेगी. पार्क सोसाइटी के निवासियों के लिए है और इसे धरना या राजनीतिक प्रदर्शन की जगह के तौर पर इस्तेमाल नहीं किया जा सकता. इस दौरान दोनों पक्षों के बीच बहस होने लगी. स्थानीय लोगों ने दीपके और उनके समर्थकों से पार्क खाली करने को कहा. जिसके बाद स्थिति शांत हुई और दीपके अपने साथियों के साथ वहां से चले गए.

---विज्ञापन---

हमें नहीं करने दी जा रही मीटिंग- दीपके

अभिजीत दीपके का कहना है कि उनकी टीम की बैठकों में लगातार अड़चन डाली जा रही है और इसके लिए लोगों पर दबाव बनाया जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी से जुड़े लोग हॉल मालिकों और अन्य लोगों को धमका रहे हैं, ताकि कॉकरोच जनता पार्टी की बैठक के लिए कोई जगह उपलब्ध न कराए. दीपके ने इसे लेकर बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि इस पूरे घटनाक्रम से पार्टी के भीतर का डर सामने आता है. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी इनडोर हॉल में बैठक आयोजित करने के लिए पुलिस की अनुमति लेना जरूरी नहीं होता.

यह भी पढ़ें- रेल यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी! अक्टूबर में दिल्ली-रेवाड़ी रूट की 23 ट्रेनें रहेंगी रद्द, यहां देखें डेट के साथ पूरी लिस्ट

---विज्ञापन---

शिक्षा के मुद्दे पर अभियान की तैयारी

अभिजीत दीपके पहले ही जंतर-मंतर सीजन-2 शुरू करने की घोषणा कर चुके हैं. इस पर पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि मौजूदा दौर में देशभर में सरकार और अधिकारियों के खिलाफ लोगों की नाराजगी सामने आ रही है. उन्होंने बताया कि सीजेपी अब ‘लिसनिंग टूर’ के जरिए अलग-अलग इलाकों में जाकर लोगों की समस्याएं सुनेगी और उनके मुद्दों को समझने की कोशिश करेगी.

दास ने कहा कि पार्टी अपने अभियान में शिक्षा को खास प्राथमिकता देगी. स्वतंत्रता दिवस से इसकी शुरुआत करने की बात कही गई है. उन्होंने अभिभावकों और आम नागरिकों से अपील की कि वे अपने क्षेत्र के सरकारी स्कूलों की स्थिति देखें, वहां की कमियों का सोशल ऑडिट करें और जरूरी जानकारी सामने लाएं. उन्होंने कहा कि समस्याओं को दर्ज करने और उन्हें दूर करने की दिशा में समाज की भागीदारी जरूरी है. दास ने यह भी कहा कि देश का युवा अब अपनी जिम्मेदारी को समझ रहा है और आगे बढ़कर बदलाव की कोशिश कर रहा है. उन्होंने कहा, आज के युवा जिम्मेदारी उठा रहे हैं. जल्द ही सचमुच एक ‘विकसित भारत’ सामने आने वाला है.

---विज्ञापन---

First published on: Aug 13, 2026 09:22 AM

End of Article
---विज्ञापन---
संबंधित खबरें
Sponsored Links by Taboola