Rachel Gupta Step Down As Miss Grand International 2024: भारत के लिए इतिहास रचने वाली रेचल गुप्ता ने आज एक बड़ा कदम उठा लिया है। रेचल गुप्ता ने एक पोस्ट शेयर कर सभी को चौंका दिया है। जिस ब्यूटी पेजेंट की वजह से पूरी दुनिया उन्हें जानती है, अब रेचल उसी को ठुकराती हुई नजर आ रही हैं। मिस ग्रैंड इंटरनेशनल 2024 का खिताब जीतने वाली रेचल गुप्ता ने अब सोशल मीडिया पर एक बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने बताया कि वो मिस ग्रैंड इंटरनेशनल 2024 का क्राउन लौटा रही हैं। साल 2024 में ही रेचल गुप्ता ने इंडिया के लिए पहला गोल्डन क्राउन हासिल किया था।
रेचल गुप्ता ने छोड़ा मिस ग्रैंड इंटरनेशनल 2024 का पद
अभी तो उन्हें ये खिताब जीते हुए एक साल भी पूरा नहीं हुआ था और वो इसे वापस कर रही हैं। रेचल गुप्ता ने अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया हैंडल से एक पोस्ट शेयर कर दुनिया को इस बारे में जानकारी दी है। उन्होंने एक नोट में लिखा, ‘मैं इस खबर को शेयर करते हुए बहुत रिग्रेट महसूस कर रही हूं: मैंने मिस ग्रैंड इंटरनेशनल 2024 के पद से हटने और अपना ताज वापस करने का फैसला किया है। ताज पहनाया जाना मेरी जिंदगी के सबसे प्यारे सपनों में से एक था और मैं अपने देश को रिप्रेजेंट करने और इतिहास रचने की उम्मीद और गर्व से भरी हुई थी।’
रेचल गुप्ता ने लगाए गंभीर आरोप
रेचल गुप्ता ने आगे खुलासा करते हुए लिखा, ‘हालांकि, क्राउन पहनाए जाने के बाद के महीनों में मुझे टूटे हुए वादों, दुर्व्यवहार और एक टॉक्सिक वातावरण का सामना करना पड़ा, जिसे मैं अब और चुपचाप बर्दाश्त नहीं कर सकती। ये फैसला हल्के में नहीं लिया गया था। आने वाले दिनों में, मैं इस मुश्किल जर्नी के पीछे की डिटेल्स शेयर करते हुए एक पूरा वीडियो रिलीज करूंगी। मैं आपकी करुणा, आपके खुले दिल और इस अगले कदम को उठाने के लिए आपका लगातार सपोर्ट मांगती हूं। जितना आप जानते हैं, आपका प्यार उससे कहीं ज्यादा मायने रखता है।’
जल्द वीडियो जारी कर सच बताएंगी रेचल गुप्ता
रेचल गुप्ता ने इस नोट को शेयर करते हुए लोगों से माफी भी मांगी है। उन्होंने लिखा, ‘दुनिया भर में मेरे सभी सपोर्टर्स के लिए: अगर इस खबर ने आपको निराश किया है, तो मैं माफी चाहती हूं। प्लीज समझिए कि ये कोई आसान फैसला नहीं था, लेकिन मेरे लिए यही सही था। सच बहुत जल्द सामने आएगा। मैं आप सभी से उतना प्यार करती हूं, जो शब्दों से बयां नहीं हो सकता। मेरे साथ खड़े रहने के लिए शुक्रिया।’ अब हर कोई जानना चाहता है कि आखिर ऐसा क्या हुआ, जो रेचल गुप्ता ने मिस ग्रैंड इंटरनेशनल 2024 का खिताब लौटा दिया? उम्मीद है कि वो जल्द ही दुनिया को सारा सच बताएंगी।