IndiGo Share Price Crash: इंडिगो की फ्लाइटें, अब भी कैंसिल चल रही हैं और इसके पैसेंजर्स को खासा परेशानी झेलनी पड़ रही है. लेकिन इसी बीच IndiGo के शेयरों पर भी इसका असर देखने को मिल रहा है. सोमवार के शुरुआती कारोबार में ही इंडिगो के शेयर की कीमतों ने गोता लगा दिया. इस फ्रेश गिरावट के बाद इंटरग्लोब एविएशन यानी इंडिगो के मार्केट कैप में करीब 15 हजार करोड़ रुपये की कमी आ गई.
यह भी पढ़ें : दो दोस्तों ने कैसे शुरू की भारत की सबसे बड़ी उड़ान सेवा IndiGo, दिलचस्प है कहानी
IndiGo के शेयर की कीमत सोमवार के ट्रेडिंग सेशन में 7% से ज्यादा गिर गई. पिछले हफ्ते हजारों फ्लाइट्स कैंसिल होने के बाद ये 7वां दिन है जब स्टॉक में गिरावट आई है. ये गिरावट दिल्ली एयरपोर्ट के उस बयान के बाद हुई, जिसमें कहा गया है कि इंडिगो की फ्लाइट्स में देरी जारी रह सकती है. पिछले हफ्ते एविएशन वॉच डॉग ने कंपनी को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया था. अब डीजीसीए ने इंडिगो के सीईओ पीटर एल्बर्स को शो-कॉज नोटिस का जवाब देने के लिए अतिरिक्त 24 घंटे का समय दिया है.
सोमवार को भी कैंसिल हुईं फ्लाइटें
नोटिस पाने के बाद हालांकि इंडिगो ने यह स्पष्ट किया है कि 10 दिसंबर तक स्थितियां सामान्य हो जाएंगी. लेकिन सोमवार सुबह तक इंडिगो की 250 से ज्यादा उड़ाने कैंसिल हुईं. इंडिगो ने कैंसिलेशन और ज्यादा देर हुई उड़ानों के लिए अब तक 610 करोड़ रुपये का रिफंड भरा है. वहीं दूसरी ओर कंपनी यात्रियों को उनके लगेज भी पहुंचा रही है.
इंडिगो के शेयर की कीमत क्यों गिर रही?
- इन्वेस्टर्स को इस बात की चिंता है कि अगर रेगुलेटर ने कारण बताओ नोटिस के बाद कोई नया कदम उठाया तो इससे कंपनी का कम्प्लायंस खर्च बढ़ सकता है और एयरलाइन पर कुछ समय के लिए ऑपरेशनल रोक लग सकती है.
- अपडेटेड फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (FDTL) रेगुलेशन आने के बाद इंडिगो, स्टाफिंग, ड्यूटी के घंटे और शेड्यूलिंग का ठीक से इंतजाम नहीं कर पाया. उसके प्लानिंग, सुपरविजन और रिसोर्स मैनेजमेंट में गंभीर कमियां दिखाई दीं, जिससे सर्विस में बड़ी रुकावटें आईं.
- दिल्ली एयरपोर्ट ने रविवार को एक बयान में कहा कि इंडिगो की फ्लाइट्स में देरी जारी रह सकती है.
स्पाइसजेट के शेयर की कीमत में तेजी
दूसरी ओर, इंडिगो की फ्लाइट में रुकावट के बीच स्पाइसजेट के शेयर की कीमत में 12% तक की बढ़ोतरी हुई. ये लगातार दूसरा दिन है, जब स्पाइसजेट के शेयरों की कीमत में तेजी है. स्पाइसजेट के शेयर की कीमत में तेजी, उसके कॉम्पिटिटर इंटरग्लोब एविएशन की कई फ्लाइट में देरी और कैंसलेशन के बाद आई. इससे स्पाइसजेट फ्लाइट्स के लिए बुकिंग भी बढ़ गई.