Add News24 as a Preferred Source Add news 24 as a Preferred Source

---विज्ञापन---

दुनिया

ईरानी हमले का जश्न मना रहे थे पाकिस्तानी-बांग्लादेशी, बहरीन पुलिस ने किया 6 को गिरफ्तार

ईरान के मिसाइल हमलों का जश्न मनाना और सोशल मीडिया पर भ्रामक वीडियो साझा करना बहरीन में 5 पाकिस्तानी और 1 बांग्लादेशी नागरिक को भारी पड़ा. प्रशासन ने इन्हें गिरफ्तार कर लिया है.

Author
Written By: Raja Alam Updated: Mar 10, 2026 11:05

बहरीन के आंतरिक मंत्रालय ने ईरान द्वारा किए गए मिसाइल और ड्रोन हमलों का समर्थन करने के आरोप में बड़ी कार्रवाई की है. एंटी-साइबर क्राइम निदेशालय ने 5 पाकिस्तानी और 1 बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है. इन छह एशियाई नागरिकों पर आरोप है कि इन्होंने बहरीन पर हुए ईरानी हमलों के वीडियो बनाकर उन्हें सोशल मीडिया पर साझा किया और जश्न मनाया. इन लोगों ने ईरान की आक्रामकता के प्रति सहानुभूति जताई और उन शत्रुतापूर्ण कार्यों का महिमामंडन किया जो देश की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा माने जाते हैं. गिरफ्तार किए गए सभी संदिग्धों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए लोक अभियोजन के पास भेज दिया गया है.

भ्रामक जानकारी और सुरक्षा का खतरा

आंतरिक मंत्रालय के मुताबिक इन नागरिकों ने न केवल हमलों से जुड़ी सामग्री को रिकॉर्ड किया बल्कि उसे बार-बार रिपोस्ट भी किया. जांच में पाया गया कि इनका मकसद सार्वजनिक राय को गुमराह करना और समाज में असुरक्षा की भावना पैदा करना था. भ्रष्टाचार विरोधी और इलेक्ट्रॉनिक सुरक्षा महानिदेशालय ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि यह गतिविधियां राष्ट्र की शांति को नुकसान पहुंचाने के इरादे से की गई थीं. आरोपियों ने सोशल मीडिया के जरिए ऐसी भ्रामक जानकारी फैलाई जिससे स्थानीय नागरिकों और वहां रह रहे निवासियों के बीच डर का माहौल बन गया. बहरीन सरकार ने इसे सार्वजनिक व्यवस्था के खिलाफ एक गंभीर अपराध माना है.

---विज्ञापन---

यह भी पढ़ें: इजराइल के हमलों के बीच मोजतबा खामेनेई के समर्थन में उतरे हजारों लोग, ली वफादारी की शपथ

अफवाहों पर लगाम और कड़ी चेतावनी

इस घटना के बाद बहरीन सरकार ने अपने सभी नागरिकों और प्रवासियों के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं. मंत्रालय ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी सूचना के लिए केवल आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करें. बिना जांचे-परखे किसी भी वीडियो या समाचार को प्रसारित करना कानूनन जुर्म है और ऐसा करने वालों को कड़ी सजा भुगतनी पड़ सकती है. सरकार ने साफ कर दिया है कि सुरक्षा और सार्वजनिक व्यवस्था को बिगाड़ने वाली किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नही किया जाएगा. सोशल मीडिया पर निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि शत्रुतापूर्ण सामग्री को फैलने से रोका जा सके और देश की एकता को बनाए रखा जा सके.

---विज्ञापन---

विदेशी नागरिकों के लिए सख्त संदेश

बहरीन में हुई इन गिरफ्तारियों ने वहां रह रहे विदेशी कामगारों के लिए एक बड़ा सबक पेश किया है. खास तौर पर पाकिस्तानी और बांग्लादेशी प्रवासियों को चेतावनी दी गई है कि वे किसी भी देश की राजनीति या युद्ध से जुड़े संवेदनशील मामलों में शामिल न हों. बहरीन के आंतरिक मंत्रालय ने साफ किया है कि देश की सुरक्षा सबसे ऊपर है और किसी भी विदेशी नागरिक को स्थानीय कानूनों का उल्लंघन करने की अनुमति नही दी जाएगी. इस कार्रवाई के जरिए यह संदेश दिया गया है कि जो कोई भी दुश्मन देशों के हमलों का समर्थन करेगा या उनका महिमामंडन करेगा उसे जेल की सलाखों के पीछे जाना पड़ेगा.

First published on: Mar 10, 2026 11:03 AM

संबंधित खबरें

Leave a Reply

You must be logged in to post a comment.