8th pay commission latest updates: केंद्र सरकार के 1.1 करोड़ से ज्यादा कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए 8वें वेतन आयोग से जुड़ी अहम जानकारी सामने आई है. नवंबर 2025 में गठित इस आयोग का 18 महीने का कार्यकाल अगस्त के पहले हफ्ते में आधा पूरा हो जाएगा. इसके साथ ही जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई की अगुवाई वाला यह आयोग अपने काम के दूसरे चरण में प्रवेश कर रहा है, जहां देशभर के कर्मचारी संगठनों और पेंशनभोगी निकायों के साथ परामर्श बैठकों का दौर तेज कर दिया गया है. आयोग ने दिल्ली, चेन्नई, पुडुचेरी और चंडीगढ़ में परामर्श बैठकों का शेड्यूल जारी कर दिया है. जानिए सैलरी, पेंशन और भत्तों पर आए इन 5 बड़े अपडेट्स का आप पर क्या असर पड़ेगा.
8वें वेतन आयोग से जुड़े 5 बड़े अपडेट
आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी 5 प्रमुख अपडेट्स के अनुसार बैठकों का नया खाका तैयार किया गया है:
- चंडीगढ़ में परामर्श बैठक: 16 से 18 सितंबर 2026 के बीच चंडीगढ़ में संवाद बैठक होगी. इसके लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 25 अगस्त तय की गई है.
- पुडुचेरी में चर्चा: केंद्र शासित प्रदेश के हितधारकों और कर्मचारी संगठनों के लिए 9 सितंबर 2026 को परामर्श बैठक आयोजित की जाएगी.
- चेन्नई का शेड्यूल: दक्षिण भारत के मान्यता प्राप्त संगठनों और कर्मचारियों की बात सुनने के लिए आयोग 7 और 8 सितंबर 2026 को चेन्नई में रहेगा.
- दिल्ली में मुख्य बैठकें: देश की राजधानी दिल्ली में 7 और 10 अगस्त को केंद्रीय विभागों और कर्मचारी यूनियनों के साथ अहम बैठकें तय की गई हैं.
- ज्ञापन सौंपने की समय सीमा: आयोग ने संगठनों को अपनी मांगों का विस्तृत ज्ञापन जमा करने के लिए अतिरिक्त समय दिया था, जिससे व्यापक सुझाव प्राप्त हुए हैं.
क्या है कर्मचारियों की मांग?
कर्मचारी यूनियनें (जैसे NCJCM, BPMS और AIDEF) 3.8x से 4x तक फिटमेंट फैक्टर लागू करने की मांग कर रही हैं, हालांकि सरकार या आयोग की ओर से इस पर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है. वित्त मंत्रालय ने राज्यसभा में यह स्पष्ट किया है कि आयोग को अपनी आंतरिक चर्चाओं की समय-समय पर रिपोर्ट देने की बाध्यता नहीं है.
आयोग की अंतिम सिफारिशें मई-जून 2027 तक आने की उम्मीद है. देश के लाखों कर्मचारी और पेंशनभोगी अब इस बात पर नजर बनाए हुए हैं कि उनके वेतन और पेंशन में कितनी बढ़ोतरी होती है.