हमारे साथ जुड़ें X IG YT FB
Trending: Asian Games 2026election commissionBigg Boss 20

Bengal Tamil Nadu Voting : महा-मुकाबला आज… बंगाल की 152 और तमिलनाडु की सभी 234 सीटों पर वोटिंग; दांव पर 5,500 उम्मीदवारों की किस्मत

पश्चिम बंगाल में पहले चरण में 152 विधानसभा सीटों पर वोटिंग होनी है, जबकि तमिलनाडु में सभी 234 सीटों के लिए मतदान होने हैं. इसको लेकर चुनाव आयोग ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं.

विज्ञापन

तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में गुरुवार को विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग होनी है. पश्चिम बंगाल में पहले चरण में 152 विधानसभा सीटों पर वोटिंग होनी है, जबकि तमिलनाडु में सभी 234 सीटों के लिए मतदान होने हैं. इसको लेकर चुनाव आयोग ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं. यहां तक कि सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है.

बंगाल में 152 सीटों पर वोटिंग

पश्चिम बंगाल में दो चरणों में चुनाव संपन्न कराया जाना है. पहले चरण में 152 सीटों पर मतदान होना है. इस चरण में कुल 1,478 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. वहीं, तीन करोड़ 60 लाख 77 हजार 171 मतदाता उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे. इन मतदाताओं में एक करोड़ 75 लाख 77 हजार 210 महिलाएं अपने मत का इस्तेमाल करेंगी. आरक्षण को लेकर बने माहौल के बीच इस बार पश्चिम बंगाल में महिलाओं की भूमिका काफी अहम मानी जा रही है.

यह भी पढ़ें : क्या है अमित शाह का साइलेंट मिशन? बंगाल की सियासी पहेली पर कितना खरा उतरेंगे ‘BJP के चाणक्य’

विज्ञापन

किस जिले की कितनी सीटों पर चुनाव

बंगाल में पहले चरण में जहां मतदान होने हैं, उनमें उत्तर बंगाल के आठ, दक्षिण बंगाल के तीन व जंगलमहल अंचल के पांच जिले शामिल हैं. इनमें मुर्शिदाबाद की 22, कूचबिहार की 9, जलपाईगुड़ी की 7, अलीपुरद्वार की 5, कलिंपोंग की एक, दार्जिलिंग की 5, उत्तर दिनाजपुर की 9, दक्षिण दिनाजपुर की 6, मालदा की 12, बीरभूम की 11, पश्चिम ब‌र्द्धमान की 9, पूर्व मेदिनीपुर की 16, पश्चिम मेदिनीपुर की 15, झारग्राम की 4, पुरुलिया की 9 और बांकुड़ा की 12 सीटें शामिल हैं.

बंगाल में SIR पर बवाल

इस चुनाव में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर राजनीतिक विवाद भी तेज है. तृणमूल कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि इस प्रक्रिया के जरिए एक खास समुदाय के नाम हटाए जा रहे हैं. वहीं भाजपा का कहना है कि यह फर्जी मतदाताओं को हटाने की कार्रवाई है. करीब 91 लाख नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं, जिनमें मृत, स्थानांतरित या डुप्लीकेट नाम शामिल हैं.

विज्ञापन

यह भी पढ़ें : पहली बार हाई राइज बिल्डिंग में बूथ, वेबकास्टिंग में गड़बड़ी तो दोबारा वोटिंग… पश्चिम बंगाल चुनाव के लिए EC ने बनाई खास रणनीति

कैसे हैं सुरक्षा इंतजाम

चुनाव आयोग ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं. करीब 2,407 केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की कंपनियां, जिनमें 2.4 लाख से अधिक जवान शामिल हैं, तैनात किए गए हैं. 7,384 मतदान केंद्रों को ‘अति संवेदनशील’ या ‘क्रिटिकल’ घोषित किया गया है और क्विक रिएक्शन टीम भी तैनात की गई हैं. मतदाताओं की सुविधा के लिए ब्रेल-सक्षम ईवीएम, रैंप और प्राथमिकता कतार जैसी व्यवस्थाएं की गई हैं. साथ ही शिकायतों के लिए टोल-फ्री नंबर और ईमेल आईडी भी जारी किए गए हैं.

विज्ञापन

तमिलनाडु में 4,023 उम्मीदवार मैदान में

तमिलनाडु की बात करें तो राज्य में सभी सीटों पर एक चरण में ही चुनाव संपन्न कराया जाना है. 23 अप्रैल को ही सभी 234 सीटों पर मतदान होना है. तमिलनाडु में इस बार 4,023 उम्मीदवार मैदान में हैं. चुनाव में कुल 5.73 करोड़ मतदाता अपने मत का इस्तेमाल कर उम्मीदवारों की किस्मत लिखेंगे. इस बार चुनाव में सबकी निगाहें अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी टीवीके पर टिकी हैं, क्योंकि कई सीटों पर उनको लोगों का काफी समर्थन मिल रहा है, इसलिए चुनाव में उनकी भूमिका काफी अहम हो सकती है.

यह भी पढ़ें : परिसीमन के चक्रव्यूह को भेदने के लिए मोदी सरकार का नया दांव! क्या ‘नए फॉर्मूला’ से बढ़ाई जाएंगी लोकसभा सीटें?

विज्ञापन

चेन्नई से चलेंगी 6,000 विशेष बसें

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव को देखते हुए स्टेट एक्सप्रेस ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन ने चेन्नई से बड़ी संख्या में विशेष बसें चलाने की घोषणा की है, ताकि लोग अपने गृह नगर जाकर मतदान कर सकें. बुधवार को शहर से चलने वाली 2,092 नियमित बसों के अलावा कुल 6,132 विशेष बसें भी चलाई जाएंगी. मतदान के दिन यात्रियों की वापसी और अंतिम समय की यात्रा जरूरतों को पूरा करने के लिए 1,505 अतिरिक्त विशेष बसें भी चलाई जाएंगी. ये विशेष बसें मुख्य रूप से चेन्नई के कोयम्बेडु, किलांबक्कम और माधवराम बस टर्मिनलों से चलाई जाएंगी.

अब तक 1000 करोड़ से ज्यादा की नकदी जब्त

भारतीय निर्वाचन आयोग ने अब तक 1,000 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी, शराब, ड्रग्स और अन्य सामान जब्त किया है. ताजा आंकड़ों के मुताबिक, 26 फरवरी से 22 अप्रैल के बीच कुल 1,072.13 करोड़ रुपये की जब्ती दर्ज की गई है. तमिलनाडु में सबसे ज्यादा 599.24 करोड़ रुपये की जब्ती हुई, जबकि पश्चिम बंगाल में 472.89 करोड़ रुपये का अवैध सामान पकड़ा गया. जब्त की गई सामग्री में 127.67 करोड़ रुपये नकद, 40 लाख लीटर से अधिक शराब, 184.83 करोड़ रुपये के ड्रग्स, 215.19 करोड़ रुपये की कीमती धातुएं और 437.97 करोड़ रुपये के फ्रीबीज शामिल हैं.

विज्ञापन

संबंधित खबरें

न्यूज 24 पर पढ़ें देश, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

Know More: Editorial Guidelines

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Arif Khan

आरिफ खान मंसूरी न्यूज 24 में बतौर डिप्टी न्यूज एडिटर कार्यरत हैं. आरिफ को डिजिटल पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा अनुभव हैं. उन्होंने 2014, 2019 और 2024 के लगातार तीन लोकसभा चुनाव के अलावा पिछले 15 सालों में देशभर में हुए विधानसभा चुनावों की भी व्यापक कवरेज की है. न्यूज 24 से पहले उन्होंने देश के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की थी, यहां देश, दुनिया और पॉलिटिक्स की खबरों पर काम किया. आरिफ ने इसके बाद इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप की हिंदी वेबसाइट जनसत्ता के साथ अपनी पारी शुरू की. इसके बाद उन्होंने हिंदुस्तान टाइम्स की हिंदी न्यूज वेबसाइट लाइवहिंदुस्तान ज्वाइन कर लिया. लाइवहिंदुस्तान.कॉम के बाद वह एनडीटीवी ग्रुप के साथ जुड़ गए. एनडीटीवी में करीब छह साल तक काम करने के बाद न्यूज24 के साथ जुड़ गए. न्यूज24 में भी होमपेज की जिम्मेदारी संभालते हैं. शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो उन्होंने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से कला संकाय में स्नातक और मास्टर ऑफ जर्नलिज्म की डिग्री हासिल की है. आरिफ देश, विदेश और राजनीति से जुड़ी खबरों के अलावा एक्सप्लेनर लिखने में भी माहिर हैं.
... और पढ़ें

ताज़ा खबरें

Sponsored Links by Taboola