---विज्ञापन---

नोएडा एयरपोर्ट की जमीन पर नहीं मिला कब्जा, अथॉरिटी की टीम को मशीनों के साथ खदेड़ा

Noida International Airport: यमुना अथॉरिटी की टीम मंगलवार को नोएडा एयरपोर्ट के लिए प्रस्तावित जमीन पर कब्जा लेने के लिए पहुंची। इस दौरान टीम को किसानों ने घेर लिया और नारेबाजी शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि किसानों का उग्र रूप देखकर अथॉरिटी टीम के होश उड़ गए।

---विज्ञापन---

Noida International Airport: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए प्रस्तावित जमीन पर कब्जा करने पहुंची यमुना अथॉरिटी की टीम को किसानों के गुस्से का सामना करना पड़ा। किसानों ने समस्याओं का समाधान नहीं होने तक जमीन पर कब्जा देने से मना कर दिया। इस दौरान किसानों ने अथॉरिटी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। किसानों के विरोध के कारण कर्मचारियों को मशीनों के साथ वापस लौटना पड़ा।

किसानों ने अथॉरिटी के खिलाफ की नारेबाजी

यमुना अथॉरिटी क्षेत्र में सेक्टर निर्माण के लिए अकालपुर, म्याना और मकसूदपुर गांव निवासी किसानों में मुआवजा वितरण किया जा रहा है। कई किसानों ने आपसी सहमति से अथॉरिटी को जमीन बेच दी है। वहीं, कुछ किसान ऐसे भी हैं, जो अधिग्रहण प्रक्रिया से नाखुश हैं। वे अधिग्रहण का विरोध कर आंदोलन कर रहे हैं। अथॉरिटी के कर्मचारी मंगलवार को जेसीबी मशीनों के साथ मकसूदपुर गांव में खरीदी गई जमीन पर कब्जा करने पहुंचे। किसानों को इसकी भनक लग गई। किसानों ने मौके पर पहुंचकर मशीनों को रोक दिया और कार्रवाई का विरोध कर अथॉरिटी के खिलाफ नारेबाजी की।

---विज्ञापन---

एक इंच भी जमीन पर नहीं देंगे कब्जा

किसानों ने कहा कि जब तक तीनों गांवों की सभी समस्याओं पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं होगी, तब तक वे एक इंच भी जमीन पर कब्जा नहीं करने देंगे। किसानों के विरोध को देखते हुए कर्मचारी मशीनों के साथ लौट गए। किसानों का कहना है कि जब तक आबादी निस्तारण समेत उनकी मांगों को नहीं माना जाएगा, तब तक एक इंच भी जमीन अथॉरिटी को कब्जाने नहीं दी जाएगी। यमुना अथॉरिटी द्वारा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास प्रस्तावित सेक्टर-10 के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है।

पंचायत कर दी चेतावनी

पंचायत में किसानों ने अथॉरिटी पर मनमानी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अभी तक गांव में सभी किसानों को पूरी तरह से मुआवजा भी वितरित नहीं हुआ। इसके बावजूद जमीन पर जबरन कब्जा किया जा रहा है। अभी आबादी का निपटारा और आपसी सहमति से ली गई जमीन के बदले मिलने वाले प्लॉट के बारे में कोई निर्णय नहीं लिया गया है। किसानों का आरोप है कि अथॉरिटी स्थानीय किसानों को उजाड़कर यहां पूंजीपतियों को बसाना चाहता है। किसानों ने चेतावनी दी कि जरूरत पड़ी तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

---विज्ञापन---
First published on: May 13, 2025 10:00 PM

End of Article

About the Author

Md Junaid Akhtar

युवा पत्रकार मोहम्मद जुनेद अख्तर करीब 12 साल से मीडिया में काम कर रहे हैं। इन्होंने अपने करियर की शुरुआत साल 2013 में ‘अमर उजाला’ गाजियाबाद से की थी। यहां इन्होंने अखबार में करीब एक साल तक रेलवे, कलेक्ट्रेट और आरडब्ल्यूए जैसी बीट पर काम किया। इसके बाद इन्होंने 2014 में ‘नवोदय टाइम्स‘ के लिए रेलवे, स्पोर्ट्स और एजुकेशन की बीट कवर कीं। करीब एक साल बाद 2015 में इनका ट्रांसफर गाजियाबाद से दिल्ली हो गया। दिल्ली में इन्होंने अल्पसंख्यकों के मुद्दों के साथ जंतर-मंतर पर कई बड़े धरने-प्रदर्शन कवर किए। वर्ष 2016 में इनका ट्रांसफर दिल्ली से नोएडा हो गया। नोएडा में इन्होंने क्राइम बीट पर लगातार करीब तीन साल काम तक किया। इसके बाद 2020 में लॉकडाउन के दौरान इन्हें क्राइम के अलावा गौतमबुद्ध नगर के तीनों प्राधिकरण और दूसरी बीट भी कवर करने का मौका मिला। जुनेद अख्तर ने साल 2024 (जनवरी) में ‘उत्तर प्रदेश टाइम्स’ की डिजिटल टीम को जॉइन कर लिया। इस दौरान इन्होंने ‘उत्तर प्रदेश टाइम्स’ की नोएडा डिजिटल साइट ट्राइसिटी टुडे में भी काम किया। इस बीच 27 फरवरी 2025 को जुनेद अख्तर ने न्यूज 24 डिजिटल टीम को जॉइन कर लिया। यहां जुनेद अख्तर बतौर सब एडिटर काम कर रहे हैं। जुनेद यहां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खबरों को लिखते हैं। इसके अलावा नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद की खबरों पर भी नजर रखते हैं।

Read More
---विज्ञापन---
संबंधित खबरें
Sponsored Links by Taboola