आप नेता राघव चड्ढा बोले-'अरविंद केजरीवाल बेदाग छवि के साथ आधुनिक समय के महात्मा गांधी'
Edited By Amit Kasana

Raghav Chadha
Edited By Amit Kasana

Raghav Chadha
नई दिल्ली: “आप” के राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा ने शनिवार को कहा कि जैसे कंस को पता था कि भगवान श्रीकृष्ण ही उसका वध करेंगे वैसे ही भाजपा को पता है कि दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल ही भाजपा का अंत करेंगे। उन्होंने कहा इसलिए बीजेपी अरविंद केजरीवाल का राजनीतिक वध करने का प्रयास कर रही है। मगर जिस तरह कंस भगवान श्रीकृष्ण का बाल भी बांका नहीं कर पाया वैसे ही भाजपा भी अरविंद केजरीवाल का बाल भी बांका नहीं कर पाएगी।
राघव चड्ढा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल बेदाग ईमानदारी के साथ आधुनिक समय के महात्मा गांधी हैं, अगर वे भ्रष्ट हैं तो इस दुनिया में कोई भी इंसान ईमानदार नहीं है। ईडी-सीबीआई ने 100 करोड़ के भ्रष्टाचार का आरोप लगाया तो आखिर ये पैसे कहां गए? एक साल की जांच में इतनी छापेमारी के बाद भी इन्हें पैसे क्यों नहीं मिले? अगर दिल्ली की शराब नीति खराब थी तो इसे पंजाब में लागू करने पर पंजाब सरकार का आबकारी राजस्व 40 फीसद कैसे बढ़ गया, यानी खोट शराब नीति में नहीं बल्कि भाजपा की नीयत में है। इसलिए ईडी-सीबीआई ने मनगढ़ंत साक्ष्य के आधार पर समन भेजा है।
ईडी-सीबीआई ने कोर्ट में दस्तावेज जमा करते हुए लिखा कि मनीष सिसोदिया ने 14 फोन नष्ट किए, जबकि उनमें से 5 फोन ईडी-सीबीआई के कब्जे में है और बाकी कार्यकर्ताओं के पास है, यानी इनके सारे आरोप झूठे हैं। ईडी-सीबीआई का मकसद अभियोजन नहीं उत्पीड़न करना है, इनके रिकॉर्ड में 0 फीसद अभियोजन और 100 फीसद उत्पीड़न है। मोदी सरकार ने आठ साल में 3555 नए केस दर्ज किए लेकिन केवल 23 लोगों को दोषी सिद्ध कर पाए। कई गवाहों ने कोर्ट में कहा कि ईडी-सीबीआई ने उन्हें मारपीट कर झूठे बयान लिए हैं। इनका मकसद केजरीवाल को खत्म करना है। आम आदमी पार्टी इनके खिलाफ जालसाजी और न्यायालय में झूठे साक्ष्य पेश करने का मुकदमा करेगी। आम आदमी पार्टी लाठी, आंसू बम और हर तरह के संघर्ष को झेलकर निकली पार्टी है, हम इनकी जांच एजेंसियों के समन, छापेमारी और जेल भेजने से डरकर बैठने वाले नहीं है।
राघव चड्ढा ने कहा कि जिस तरह कंस को पहले से पता लग गया था कि भगवान श्रीकृष्ण अवतार लेकर उसका अंत करेंगे, इसका ज्ञान होते ही कंस ने हर संभव प्रयास किया कि भगवान श्रीकृष्ण को पैदा होते ही खत्म कर दिया जाए। वैसा ही कुछ आज भारतवर्ष में देखा जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी यह जानती है कि उनका पतन अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी करेगी इसलिए आज के दौर की कंस भाजपा हर संभव कोशिश कर रही है कि अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी का राजनीतिक वध कर दिया जाए। ताकि हमलोग समाप्त हो जाएं और भाजपा को कोई भी चुनौती देने वाला न हो।
आप नेता ने कहा कि कंस की तरह ही भारतीय जनता पार्टी को पता है कि अरविंद केजरीवाल ही भाजपा का पतन करेंगे। इसलिए वह उन्हें रोकने का हर संभव प्रयास कर रही है। मगर जिस तरह कंस भगवान श्रीकृष्ण का बाल भी बांका नहीं कर पाया वैसे ही भाजपा और उनकी एजेंसियां भी अरविंद केजरीवाल का बाल भी बांका नहीं कर पाएगी। ऊपर वाले हमसे कुछ बड़ी चीज करवाना चाहते हैं इसलिए आम आदमी पार्टी की पिछले 10 साल की यात्रा में जनता का भरपूर समर्थन और प्यार मिला है। उन्होंने कहा कि आज “आप” इस मुकाम पर पहुंच गई है कि भाजपा का डर इस कदर उनके सिर पर चढ़कर बैठ गया है कि वो एक-एक कर आम आदमी पार्टी के नेताओं को जेल के अंदर डाल रही है। आम आदमी पार्टी एक आंदोलन से निकली पार्टी है, हम लोग सड़कों पर लाठियां, आंसू बम, वाटर कैनन हर प्रकार के संघर्ष को झेलते हुए इस मुकाम पर पहुंचे हैं। मैं भाजपा के लोगों को कहना चाहता हूं कि “आप” के लोग उस मिट्टी के नहीं बने जो तुम्हारी जांच एजेंसियों के समन, छापेमारी और जेलों से डरकर घर पर बैठ जाएंगे।
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on: