दिल्ली में आज सड़कों पर सफर करने से पहले लोग ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर पढ़ लें, क्योंकि आज कई सड़कों पर रूट डायवर्ट रहेगा. इसलिए दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी करके अलर्ट किया है. ट्रैफिक एडवाइजरी में बताया गया है कि आज कनॉट प्लेस–पटेल चौक–संसद स्ट्रीट, पटेल चौक–ग्राम चौकी, विंडसर प्लेस–ग्राम चौकी, अशोक रोड, जंतर मंतर रोड और आसपास के क्षेत्र में ट्रैफिक जाम मिल सकता है, क्योंकि इन रूटों पर ट्रैफिक को डायवर्ट किया गया है. इसलिए लोगों से अपील है कि वे ट्रैफिक एडवाइजरी का सख्ती से पालन करके और डायवर्ट किए गए रूटों की जानकारी लेकर ही घर से सफर पर निकलें, ताकि कोई परेशानी न हों.
ट्रैफिक एडवाइजरी में लोगों के लिए विशेष सलाह
एडवाइजरी के अनुसार, लोगों को सलाह है कि वे आज प्रतिबंधित रूटों पर यात्रा करने से बचें. नहीं तो रूट डायवर्जन के कारण जाम में फंस सकते हैं. क्योंकि पुलिस बैरिकेडिंग करके इन रूटों पर रास्ता बाधित कर सकती है. इसलिए आज सफर की प्लानिंग करें और घर से अतिरिक्त समय लेकर निकलें. आज लोगों को कनॉट प्लेस और जंतर-मंतर जाने के लिए मेट्रो सर्विस या सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करना चाहिए. आज लोग ट्रैफिक रूल्स भी सख्ती से फॉलो करें और ट्रैफिक सिग्नल का पालन भी करें. प्रतिबंधित क्षेत्रों के पास रुकने या वाहनों को पार्क करने से बचें. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस को सहयोग करें और अपने सफर को टेंशन फ्री बनाएं.
दिल्ली में आज क्यों लागू रहेगी ट्रैफिक एडवाइजरी?
बता दें कि दिल्ली पुलिस ने आज INDIA ब्लॉक के विरोध मार्च के चलते ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है. चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विपक्षी सांसद आज विरोध प्रदर्शन करेंगे. संसद भवन से चुनाव आयोग के दफ्तर तक मार्च निकालेंगे. इसके लिए सभी सांसद सुबह 10:30 बजे संसद भवन के मकर द्वार पर जुटेंगे और 11 बजे चुनाव आयोग के दफ्तर की ओर कूच करेंगे. विरोध मार्च में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, अखिलेश यादव, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, TMC नेता अभिषेक बनर्जी और प्रियंका गांधी वाड्रा समेत विपक्ष के कई प्रमुख नेता और सांसद शामिल होंगे और मार्च के बहाने शक्ति प्रदर्शन करेंगे.