Punjab Government: पंजाब में भीख मांगने वाले बच्चों को बचाने का काम तेजी से किया जा रहा है. भगवंत मान सरकार द्वारा राज्य को ‘बाल-भिक्षावृत्ति मुक्त’ बनाने के लिए कोशिशें की जा रही हैं. इसके लिए पंजाब की सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर कड़ी मेहनत कर रही हैं. उन्होंने जानकारी देते हुए कहा कि ‘मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में मान सरकार ने राज्य को बाल भिक्षावृत्ति से मुक्त बनाने के लिए अपने प्रयासों को और तेज कर दिया है.’ इसके साथ ही डॉ. बलजीत ने बताया कि ‘फरीदकोट में भीख मांग रहे 2 बच्चों को भी बचाया गया है.’ बता दें कि अभी दोनों बच्चे जिला बाल कल्याण समिति के पास हैं.
मान सरकार का प्रोजेक्ट ‘JIWANJYOT’
डॉ. बलजीत कौर ने प्रोजेक्ट ‘JIWANJYOT’ की तारीफ करते हुए कहा कि ‘जिला बाल संरक्षण इकाइयों के प्रयास और भगवंत मान सरकार के इस प्रोजेक्ट से बच्चों के अधिकारों की रक्षा के साथ जमीनी सतह पर उनके जीवन में बड़े बदलाव होंगे.’ उन्होंने आगे कहा कि ‘मुख्यमंत्री भगवंत मान का लक्ष्य यह है कि पंजाब की सड़कों पर कोई भी बच्चा भीख मांगता हुआ नहीं दिखना चाहिए.’ सरकार ऐसे बच्चों के लिए ही जीवनज्योत परियोजना चला रही है. इसके जरिए बच्चों को शिक्षा भी दी जाएगी.’ इस अभियान के सकारात्मक परिणाम भी आने शुरू हो गए हैं. डॉ. बलजीत कौर ने बच्चों के भीख मांगने को एक सामाजिक बुराई बताते हुए कहा कि ‘ये बाल अधिकारों का उल्लंघन भी है.’ बच्चों से भीख मंगवाने वाले लोगों पर उन्होंने कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी.
चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर जारी
बच्चों को इस भीख मांगने की दलदल से बचाने के लिए डॉ. कौर ने पंजाब के नागरिकों से भी अपील की. उन्होंने एक हेल्पलाइन नंबर की जानकारी देते हुए कहा कि ‘अगर कोई बच्चा आपको भीख मांगता दिखता है तो उन्हें भीख न दें, बल्कि, चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर इसकी सूचना दें. इससे मान सरकार के इस अभियान में बहुत मदद मिलेगी और इस सामाजिक बुराई को जड़ से खत्म किया जा सकेगा.’