पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने बुधवार रात अपने पद से इस्तीफा दे दिया. एनडीटीवी ने अपनी रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी है. पंजाब में महीनों से जारी अंदरूनी गुटबाजी और खींचतान के बीच वड़िंग ने यह फैसला लिया है. पार्टी सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस आलाकमान अगले 24 से 48 घंटों में पंजाब कांग्रेस के नए अध्यक्ष के नाम का ऐलान कर सकता है.
नए प्रदेश अध्यक्ष की दौड़ में पूर्व मंत्री विजय इंदर सिंगला सबसे आगे चल रहे हैं. वहीं, पूर्व हॉकी कप्तान और विधायक परगट सिंह और गुरदासपुर से सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा का नाम भी इस पद की रेस में शामिल हैं.
नहीं थमी थी 2022 वाली गुटबाजी
आम आदमी पार्टी के हाथों कांग्रेस की करारी हार के बाद लुधियाना से सांसद राजा वड़िंग ने अप्रैल 2022 में पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कमान संभाली थी. उस वक्त कैप्टन अमरिंदर सिंह और नवजोत सिंह सिद्धू की कलह ने पार्टी को नुकसान पहुंचाया था. सिद्धू के जाने के बाद भी पार्टी के भीतर खींचतान खत्म नहीं हुई थी.
पंजाब में एक खेमा राजा वड़िंग के साथ था, तो दूसरा धड़ा पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के साथ. जुलाई में जब पार्टी ने वड़िंग को अध्यक्ष पद पर बरकरार रखते हुए चन्नी को कैंपेन कमेटी का प्रमुख बनाया, तो विवाद और गहरा गया. न तो चन्नी इससे संतुष्ट थे और न ही विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा. वहीं, जट सिख समुदाय से आने वाले सुखजिंदर सिंह रंधावा भी दलित चेहरे चन्नी के समर्थन में खड़े दिखाई दिए. हिंदू बनिया समुदाय से आने वाले विजय इंदर सिंगला भी इस फार्मूले से असहमत थे.
सचिन पायलट की एंट्री और बड़ा बदलाव
वड़िंग की ओर झुकाव के आरोपों के बीच 5 सितंबर को पार्टी ने छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को पंजाब प्रभारी पद से हटा दिया. राहुल और प्रियंका गांधी के करीबी और पार्टी महासचिव सचिन पायलट को पंजाब का नया प्रभारी बनाया गया. चंडीगढ़ पहुंचते ही पायलट का सभी गुटों ने एकजुट होकर स्वागत किया था. प्रभारी बदलते ही संकेत मिल गए थे कि संगठन में कुछ बड़े स्तर पर बदलाव हो सकते हैं.
राहुल गांधी करेंगे ‘बस यात्रा’
पंजाब में 2027 की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं. राज्य में कांग्रेस के सामने भगवंत मान के नेतृत्व वाली सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी है. दूसरी ओर, भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के संभावित गठबंधन की बातचीत चल रही है. वहीं, जेल में बंद सांसद अमृतपाल सिंह का दल ‘अकाली दल (वारिस पंजाब दे)’ भी चुनावी मैदान में उतरने को तैयार है.
पार्टी सूत्रों का कहना है कि पंजाब में नए प्रदेश अध्यक्ष की ताजपोशी के साथ ही कांग्रेस अपने चुनाव प्रचार का बिगुल फूंकेगी, जिसकी शुरुआत राहुल गांधी पूरे पंजाब में एक ‘बस यात्रा’ निकालकर करेंगे.