Virat Kohli: 20 अप्रैल को पंजाब किंग्स बनाम आरीसीबी के बीच मुकाबला खेला गया था। आरसीबी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पंजाब किंग्स को हरा दिया। इस मैच में विराट कोहली ने शानदार बल्लेबाजी की थी। उन्होंने अपने बल्ले का रंग जमाते हुए अर्धशतक जमाया था। सरफराज खान के छोटे भाई मुशीर खान भी पंजाब किंग्स का हिस्सा हैं। पंजाब ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से एक वीडियो साझा किया, जिसमें मुशीर खान काफी खुश नजर आते हैं। क्योंकि किंग कोहली ने उन्हें बल्ला गिफ्ट किया है। मुशीर ने विराट से मुलाकात की कुछ बातें भी वीडियो में साझा की हैं।
मुशीर खान का वीडियो वायरल
दरअसल, हाल ही में विराट कोहली ने युवा खिलाड़ी मुशीर खान को अपना बल्ला गिफ्ट किया, जिसकी कहानी बहुत ही भावुक है। पंजाब किंग्स ने अपने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें मुशीर खान इस खास पल के बारे में बताते हैं। वीडियो में दिखाया गया कि जैसे ही मुशीर ड्रेसिंग रूम में पहुंचे, उनसे पूछा गया कि यह किसका बैट है। इस पर मुशीर ने मुस्कुराते हुए कहा, विराट कोहली भैया का।
इसके बाद उन्होंने बताया कि कैसे उन्होंने कोहली से बैट मांगा। मुशीर बोले, “मैं तो भैया के सामने रो ही दिया। मैंने उनसे कहा, भैया एक बैट चाहिए। मैंने आपके बल्ले से पहले भी बहुत रन बनाए हैं। सरफराज भाई आपके बैट लाकर देते थे, तो मैंने सोचा अब खुद ही मांग लूं। मैंने उनसे कहा कि भैया अगर आपकी कोई अच्छी या टूटी हुई बैट भी हो, तो दे दीजिए। इस पर भैया बोले, हां चल, दूंगा।
यह पल मुशीर के लिए बेहद खास रहा, क्योंकि वह जिस खिलाड़ी को बचपन से देखते आए थे, उन्होंने खुद उन्हें अपना बल्ला दिया। यह उनके करियर का एक यादगार और प्रेरणादायक लम्हा बन गया।
विराट कोहली की शानदार पारी
विराट ने इस मैच में बेहतरीन बल्लेबाजी की। उन्होंने 54 गेंदों में 73 रनों की नाबाद पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 1 छक्का शामिल है। विराट कोहली की शानदार पारी की बदौलत आरसीबी ने 7 गेंद शेष रहते और 7 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया।