India vs England 3rd Test: टीम इंडिया इन दिनों इंग्लैंड के दौरे पर है, जहां दोनों टीमों के बीच 5 मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जा रही है। सीरीज का तीसरा मैच लॉर्ड्स में खेला जा रहा है, जिसमें 4 दिन का खेल खत्म हो चुका है। अब पांचवें दिन का खेल काफी रोमांचक होने वाला है, जहां टीम इंडिया को जीतने के लिए 135 रन और इंग्लैंड को 6 विकेट चाहिए। वहीं मैच के चौथे दिन अंपायरिंग को लेकर काफी सवाल उठे। मैच के दौरान फील्ड अंपायर्स ने कई मौके पर ऐसे निर्णय दिए जिनकी अब काफी आलोचना हो रही है। उनमें से एक था भारतीय कप्तान शुभमन गिल को आउट करार देना।
अंपायरिंग पर उठ रहे सवाल
लॉर्ड्स टेस्ट मैच के चौथे दिन टीम इंडिया के खिलाफ लगातार खराब फैसलों के बाद अंपायर पॉल रीफेल की फैंस ने जमकर आलोचना की। मैच के चौथे दिन पॉल रीफेल ने शुभमन गिल को ब्रायडन कार्स की एक फुल लेंथ की गेंद पर कैच आउट करार दे दिया था। इसके तुरंत बाद गिल ने डीआरएस लिया, तो पता चला की गेंद बल्ले से लगी ही नहीं थी और फील्ड अंपायर को अपना फैसला बदलना पड़ा।
इससे पहले टीम इंडिया की गेंदबाजी के दौरान भी रीफेल ने मोहम्मद सिराज की गेंद पर एक ऐसा ही फैसला सुनाया था। दरअसल सिराज की एक गेंद जो रूट की पैड पर लगी थी, जिसपर टीम इंडिया ने अपील की लेकिन रीफेल ने उसको नकार दिया, इसके बाद टीम इंडिया ने डीआरएस लिया।
बॉल ट्रैकिंग सिस्टम से अनुमान लगाया गया कि गेंद लेग स्टंप को छूकर निकल जाएगी और इस स्थिति में फील्ड अंपायर का फैसला माना गया, जिसके चलते जो रूट नॉटआउट रहे। इस दौरान सिराज फील्ड अंपायर के फैसले से काफी नाखुश भी दिखे थे। जिसके बाद फैंस सोशल मीडिया पर रीफेल की जमकर आलोचना कर रहे हैं।
चौथे दिन टीम इंडिया को लगे 4 झटके
चौथे दिन का खेल खत्म होने तक टीम इंडिया ने 4 विकेट खोकर 58 रन बना लिए थे। चौथे दिन टीम इंडिया को यशस्वी जायसवाल, करुण नायर, शुभमन गिल और आकाश दीप के रूप में 4 झटके लगे थे। फिलहाल केएल राहुल 33 रन बनाकर नाबाद हैं। अब पांचवें दिन टीम इंडिया को जीतने के लिए 135 रन बनाने है।