IND vs ZIM 2nd T20I: जिम्बाब्वे दौरे पर गई भारत की युवा टीम रविवार को अलग ही अंदाज में नजर आई। हरारे में खेले गए दूसरे टी-20 मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडियाने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की और 234 रन ठोक डाले। जिसका पीछा करते हुए जिम्बाब्वे की टीम 134 रन पर ढेर हो गई। इस तरह टीम इंडिया ने पहले मैच में हार का बदला लेते हुए 100 रनों से बड़ी जीत दर्ज की। हालांकि जिम्बाब्वे को अपनी कई गलतियों का खामियाजा उठाना पड़ा। एक ऐसी ही गलती आठवें ओवर में हुई।
अभिषेक शर्मा का कैच किया ड्रॉप
दरअसल, इस ओवर में भारत के विस्फोटक ओपनर अभिषेक शर्मा को एक जीवनदान मिला। आठवें ओवर में ल्यूक जॉन्गवे की पांचवीं गेंद पर अभिषेक ने बड़ा शॉट लगाने की कोशिश की, लेकिन बॉल काफी ऊंची उड़ गई। जिसे वेलिंगटन मसाकाद्जा कैच नहीं कर सके। उस समय अभिषेक महज 28 रन बनाकर खेल रहे थे। इसके बाद अभिषेक ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 47 गेंदों में 7 चौके-8 छक्के ठोक 212.77 के स्ट्राइक रेट से 100 रन ठोक डाले। इस तरह जिम्बाब्वे को इस विकेट का खामियाजा उठाना पड़ा और 72 रन का नुकसान हुआ।