Ravindra Jadeja: IPL 2026 में रवींद्र जडेजा ने अपनी नई शुरुआत की. सालों तक चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलने के बाद अब जडेजा ने दोबारा पिंक जर्सी में वापसी की. 17 साल बाद भारतीय टीम का ये स्टार ऑलराउंडर राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए नजर आया. अपनी घर वापसी पर रवींद्र जडेजा ने पुरानी टीम CSK की नींद उड़ा दी और दो बड़े विकेट अपने नाम किए. अब 17 साल बाद RR में वापसी पर जड्डू ने चुप्पी तोड़ी.
राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलने पर जडेजा ने क्या कहा?
रवींद्र जडेजा ने अपने IPL सफर की शुरुआत राजस्थान रॉयल्स से की थी. वो 2009 में आखिरी बार RR के लिए खेलते हुए दिखाई दिए थे. अब 17 साल बाद दोबारा वो इस टीम के लिए उतरे. उन्होंने आते ही प्रभाव छोड़ा और शिवम दुबे-सरफराज खान जैसे अहम बल्लेबाजों को आउट किया. उन्होंने RR में वापसी और अपने प्रदर्शन पर कहा, ‘मुझे लगता है कि पिंक मुझ पर अच्छा लगता है. मैं शिवम दुबे को लंबे समय से जानता हूं और नेट्स में उन्हें गेंदबाजी की है. इसी वजह से मुझे पता है कि वो स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ कैसे खेलते हैं. मैं उसके लिए तैयार था और बाहर गेंद डाली, क्योंकि मुझे पता था कि वो मेरे खिलाफ बड़ा शॉट लगाने जाएंगे.’
रवींद्र जडेजा ने आगे कहा, ‘मुझे लगता है कि पिच पर गेंद घूम रही थी. मैंने गेंदबाजी का काफी आनंद लिया. मेरा काम सही जगह गेंद डालना था, बाकी सब कुछ पिच ने किया. आप किसी भी चीज को हल्के में नहीं ले सकते. आपको मेहनत करनी होगी और बड़े शॉट्स लगाने होंगे. आपको अपना 100% देना होता है.’
ये भी पढ़ें:- PCB ने क्यों लगाया पाकिस्तानी क्रिकेटर पर 2 करोड़ का भारी जुर्माना? कारण जान उड़ जाएंगे होश!
RR ने आसानी से जीता मैच
गुवाहाटी में हुए इस मैच में CSK ने पहले बल्लेबाजी की. संजू सैमसन 6 रन, ऋतुराज गायकवाड़ 6 रन, आयुष म्हात्रे 0 रन, मैट शॉर्ट 2 रन और शिवम दुबे 6 रन बनाकर आउट हो गए. सरफराज खान और कार्तिक शर्मा को अच्छी शुरुआत मिली लेकिन वो अपनी पारी को बड़ा नहीं कर पाए. जेमी ओवरटन के 43 रन के योगदान के दम पर चेन्नई सुपर किंग्स स्कोरबोर्ड पर 127 रन दर्ज कर पाई.
पिच को देखते हुए लग रहा था कि राजस्थान रॉयल्स के लिए रन चेज आसान नहीं होगा. हालांकि, वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल ने तबाही मचा दी. सूर्यवंशी की अर्धशतकीय पारी के बाद ध्रुव जुरेल और रियान पराग ने भी अपना योगदान दिया. RR ने 12.1 ओवर में ही 8 विकेट से जीत दर्ज कर टूर्नामेंट की ताबड़तोड़ शुरुआत की.
ये भी पढ़ें:- IPL 2026: CSK की ‘शर्मनाक’ हार का जिम्मेदार कौन? कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने इन सभी पर फोड़ा ठीकरा










