---विज्ञापन---

क्रिकेट

SL vs ENG: जैकब बेथेल के मैजिकल स्पेल ने श्रीलंका के जबड़े से छीनी जीत, लो-स्कोरिंग मैच में इंग्लैंड ने मारी बाजी

SL vs ENG: रोमांच से भरपूर मुकाबले में इंग्लैंड ने तीसरे टी-20 इंटरनेशनल मुकाबले में 12 रनों से हराया. जैकब बेथेल ने गेंद से कमाल का प्रदर्शन करते हुए हारी हुई बाजी को पलट डाला. बेथेल ने 11 रन देकर 4 विकेट अपनी झोली में डाले.

Author Written By: Shubham Mishra Updated: Feb 3, 2026 23:13
England beat Sri Lanka in Third T20I

SL vs ENG 3rd T20I: जीत के बेहद करीब पहुंचकर भी श्रीलंका के हाथ से तीसरे टी-20 इंटरनेशनल मुकाबले में बाजी फिसल गई. महज 129 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की पूरी टीम 116 रन बनाकर ढेर हो गई. जैकब बेथेल ने अपनी गेंदबाजी से हारे हुए मैच में इंग्लैंड को जीत दिला दी.

बेथेल ने एक ही ओवर में 3 विकेट चटकाते हुए मैच का पूरा रुख ही पलटकर रख दिया. 90 के स्कोर पर श्रीलंका ने 5 विकेट गंवाए थे और जीत काफी करीब दिख रही थी. हालांकि, 26 रन जोड़कर टीम ने अपने 5 विकेट गंवा दिए और इंग्लैंड 12 रनों से जीत दर्ज करने में सफल रही. इंग्लैंड ने तीन मैचों की सीरीज को 3-0 से अपने नाम किया.

---विज्ञापन---

जैकब बेथेल ने पलटी हारी हुई बाजी

17 ओवर के बाद श्रीलंका के स्कोर बोर्ड पर 108 रन लग थे और टीम ने 6 विकेट गंवाए थे. जीत के लिए अब सिर्फ 21 रनों की दरकार थी. 18वां ओवर फेंकने की जिम्मेदारी कप्तान हैरी ब्रूक ने जैकब बेथेल के हाथों में सौंपी. कैप्टन का यह दांव एकदम फिट बैठ गया. बेथेल ने ओवर की दूसरी ही गेंद पर दुनिथ वेल्लालगे को पवेलियन की राह दिखा दी. एक गेंद और बीती ही थी कि दुष्मंत चमीरा भी बेथेल की घूमती गेंद में फंस गए और बिना खाता खोले चलते बने. ओवर की आखिरी बॉल पर बेथेल ने वो विकेट झटक लिया, जिसके बाद श्रीलंका की हार लगभग तय हो गई.

बेथेल के हाथ से निकली गेंद को दासुन शनाका पढ़ने में पूरी तरह से नाकाम रहे और वह स्टंप होकर पवेलियन लौट गए. मैच के आखिरी ओवर की तीसरी गेंद पर बेथेले ने तीक्षणा को आउट करते हुए इंग्लैंड को यादगार जीत दिला दी. 3.3 ओवर के स्पेल में बेथेल ने सिर्फ 11 रन देकर 4 विकेट अपनी झोली में डाले. वहीं, विल जैक्स ने भी 14 रन देकर 3 विकेट चटकाए. श्रीलंका की ओर से कुशल मेंडिस ने सर्वाधिक 26 रन बनाए, जबकि पाथुम निशंका ने 12 गेंदों में 23 रन जड़े.

ये भी पढ़ें: 5 भारतीय बल्लेबाज जो T20 World Cup 2026 में ठोक सकते हैं शतक, खत्म होगा 16 साल का सूखा!

इंग्लैंड के बल्लेबाजों का सरेंडर

टॉस जीतकर इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. हालांकि, उनका यह फैसला एकदम गलत साबित हुआ. बेन डकेट गोल्डन डक पर पवेलियन लौटे. इसके बाद जैकब बेथेल भी कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और महज 3 रन बनाकर चलते बने. टॉम बैंटन भी सिर्फ 7 रन बनाकर आउट हुए. कप्तान हैरी ब्रूक भी बल्ले से बुरी तरह से फ्लॉप रहे और उनके खाते में 4 रन आए. 34 के स्कोर पर 4 विकेट गंवाकर मुश्किल में दिख रही इंग्लिश टीम को जोस बटलर भी मझधार में छोड़ गए. बटलर 21 गेंदों में 25 रन बनाकर आउट हुए.

60 के स्कोर पर 6 विकेट गंवाने के बाद इंग्लैंड का 100 रनों का आंकड़ा पार करना भी मुश्किल नजर आ रहा था. हालांकि, इसके बाद सैम करन और लियाम डॉसन ने मोर्चा संभाला और टीम को किसी तरह से 100 के पार पहुंचाया. डॉसन 14 रन बनाकर आउट हुए. सैम करन एक छोर संभालकर खड़े रहे और 48 गेंदों में 58 रनों की दमदार पारी खेली.

श्रीलंका की ओर से गेंदबाजी में दुष्मंत चमीरा ने अपनी आग उगलती हुई गेंदों से जमकर कहर बरपाया. चमीरा के आगे इंग्लिश बैटिंग ऑर्डर पूरी तरह से बेबस नजर आया. उन्होंने अपने 4 ओवर के स्पेल में महज 24 रन खर्च करते हुए 5 बड़े विकेट अपनी झोली में डाले. वहीं, मथीशा पथिराना ने भी महज 27 रन देकर दो विकेट अपने नाम किए.

First published on: Feb 03, 2026 11:13 PM

संबंधित खबरें

Leave a Reply

You must be logged in to post a comment.