---विज्ञापन---

“मैं सबसे ज्यादा मेहनती राष्ट्रपति…” : डोनाल्ड ट्रंप ने उनकी हेल्थ को लेकर छपी खबरों पर कहा- ये राजद्रोह

डोनाल्ड ट्रंप के स्वास्थ्य को लेकर कई मीडिया हाउस में रिपोर्ट्स प्रकाशित की गई थीं. इन रिपोर्ट्स में कहा गया था कि 79 वर्ष की उम्र में डोनाल्ड ट्रंप की गति धीमी हो रही है.

---विज्ञापन---

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उन मीडिया रिपोर्ट्स को खारिज किया है, जिनमें उनके स्वास्थ्य को लेकर सवाल उठाए गए थे. उन्होंने ऐसी रिपोर्ट्स को “राजद्रोही, शायद देशद्रोही” बताया है. देर रात उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में ‘द न्यूयॉर्क टाइम्स’ और अन्य मीडिया हाउस की उन रिपोर्ट्स पर गुस्सा जाहिर किया है, जिनमें कहा गया था कि 79 वर्ष की उम्र में डोनाल्ड ट्रंप की गति धीमी हो रही है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ पर ट्रंप ने इन रिपोर्ट्स को लेकर करीब 500 शब्दों की एक लंबी पोस्ट लिखी है, “मेरी जितनी मेहनत करने वाला कभी कोई राष्ट्रपति नहीं रहा. मैं सबसे ज्यादा घंटे काम करता हूं. और उसके नतीजे भी सबसे अच्छे हैं.”

साथ ही उन्होंने कहा, “‘द न्यूयॉर्क टाइम्स’ और दूसरे मीडिया हाउस संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रपति को बदनाम करने और नीचा दिखाने के लिए फर्जी रिपोर्ट्स छापते रहते हैं, मैं मनाता हूं कि ये करना राजद्रोह, शायद देशद्रोह भी है.”

---विज्ञापन---

क्या बोले ट्रंप?

ट्रंप ने आगे कहा कि उन्होंने कई लंबी और उबाऊ मेडिकल जांच भी करवाई हैं, जिसमें उनका रिजल्ट बिल्कुल सही आया है. साथ ही उन्होंने कहा कि दूसरे राष्ट्रपतियों ने कभी भी ऐसी रिपोर्ट्स नहीं करवाईं. उन्होंने कहा कि इस देश के लिए सबसे अच्छी बात यह होगी कि ‘द न्यूयॉर्क टाइम्स’ ऐसी ‘झूठी और पक्षपाती’ रिपोर्ट्स छापना बंद कर दे.

गौर करने वाली बात यह है कि ट्रंप पहले मीडिया पर खुद आरोप लगाते रहते थे, कि वे बाइडेन के गिरते स्वास्थ्य को लेकर कोई खबर नहीं छापते. बाइडेन ने खराब स्वास्थ्य की वजह से 2024 के राष्ट्रपति चुनाव से अपना नाम वापस ले लिया था. ट्रंप खुद भी बाइडेन के स्वास्थ्य को लेकर उन पर निशाना साधते रहते थे.

---विज्ञापन---

क्या था रिपोर्ट में

न्यूयॉर्क टाइम्स में नवंबर महीने में एक लेख छपा था. इसमें दावा किया गया था कि ट्रंप ने अपने पहले कार्यकाल की तुलना में सार्वजनिक कार्यक्रम, घरेलू यात्रा और काम के घंटे काफी कम कर दिए हैं. इस रिपोर्ट को लेकर ट्रंप और व्हाइट हाउस ने नाराजगी जाहिर की थी.

अखबार का क्या कहना है?

न्यूज एजेंसी AFP ने न्यूयॉर्क टाइम्स की प्रवक्ता निकोल टेलर के हवाले से लिखा है, अमेरिका के लोगों को उन नेताओं के स्वास्थ्य के बारे में जानने का हक है, जिन्हें वे चुनते हैं. ट्रंप उनसे पहले के राष्ट्रपतियों के स्वास्थ्य की रिपोर्टिंग को सही मानते थे, हम उनकी खबरें भी वैसे ही छाप रहे हैं. साथ ही उन्होंने कहा कि हमारी खबर राष्ट्रपति के करीबी लोगों और चिकित्सा विशेषज्ञों से मिली जानकारी के आधार पर है.

---विज्ञापन---

First published on: Dec 11, 2025 06:23 AM

End of Article
---विज्ञापन---
संबंधित खबरें
Sponsored Links by Taboola