उत्तर पश्चिम भारत में मानसून पूरी तरह एक्टिव है और बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर वाला एरिया बना हुआ है. मौसम विभाग ने आज 7 राज्यों के लिए भारी बारिश का रेड अलर्ट दिया है, वहीं देश के करीब 15 राज्यों में आज हल्की से भारी बारिश होगी. 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलेंगी. अगले 6-7 दिन उत्तर-पश्चिम भारत में कुछ राज्यों में गरज चमक के साथ बारिश हो सकती है. कुछ शहरों में भारी बारिश होने का अनुमान है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
आज गुजरात में बहुत भारी बारिश की चेतावनी
IMD के अनुसार, पश्चिमी विदर्भ और उससे सटे दक्षिणी मध्य प्रदेश के ऊपर डीप डिप्रेशन बना हुआ है, जिसके असर से आज 1 अगस्त को गुजरात में बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. इसके चलते आज कई जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद हैं. वहीं बाढ़ प्रभावित इलाकों में NDRF की 17 और SDRF की 33 टीमें रेस्क्यू को लिए तैनात की गई हैं. गुजरात के अलावा उत्तराखंड, ओडिशा, असम में नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं, जिससे किनारों पर रहने वाले लोगों का नुकसान हुआ है.
आज देश के इन 15 राज्यों में बारिश का अलर्ट
IMD के अनुसार, आज अरुणाचल प्रदेश के पापुम पारे और लोअर दिबांग वैली समेत 7 राज्यों में भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट रहेगा. पूर्वी राजस्थान, मध्य महराष्ट्र, कोंकण-गोवा, कर्नाटक, केरल में बारिश का ऑरेंज अलर्ट रहेगा. पूर्वी उत्तर प्रदेश में एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बन रहा है तो मानसून एक्टिव होने से आज उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और गुजरात राज्यों में भी बारिश हो सकती है. मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह है और किसानों को भी अपनी फसलों की सुरक्षा करने का निर्देश है.
दिल्ली-NCR में अगले 5 दिन बारिश का अलर्ट
IMD के अनुसार, दिल्ली में अगले 5 दिन आसमान में बादल छाए रहेंगे. सुबह से दोपहर के बीच कुछ जगहों पर हल्की से बहुत हल्की बारिश हो सकती है. शाम के समय कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है. वहीं अधिकतम तापमान 35 डिग्री के आस-पास बना रहेगा, इसमें कोई बदलाव आने का अनुमान नहीं है. बता दें कि दिल्ली में मानसून की बारिश के चलते H1N1 इन्फ्लूएंजा के केस बढ़े हैं. AIIMS दिल्ली के मेडिसिन विभाग में प्रोफेसर डॉ. संजीव सिन्हा बताते है कि मानसून में बारिश होने और तापमान बदलने से इन्फ्लूएंजा का वायरस फैल रहा है. गले में खराश, नाक बहना, सूखी खांसी और सिरदर्द जैसी समस्याएं लेकर लोग अस्पताल आ रहे हैं, इसलिए सतर्क रहने की जरूरत है.
आज इतने जिलों में बारिश होने की संभावना
IMD के अनुसार, आज उत्तर प्रदेश के 71 जिलों में बारिश होने का अलर्ट रहेगा और पहाड़ों पर लगातार भारी बारिश के कारण गंगा, घाघरा-सरयू समेत 10 नदियां उफान पर बह रही हैं. राजस्थान में आज 18 जिलों में हल्की बारिश का येलो अलर्ट औ 20 जिलों में भारी बारिश होने का अनुमान है. मध्य प्रदेश में आज 50 से ज्यादा जिलों में बारिश हो सकती है, वहीं बिहार के 16 जिलों में हल्की से तेज बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है. उत्तराखंड के 6 जिलों देहरादून, पौड़ी, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, नैनीताल और चंपावत में आज भारी बारिश हो सकती है. वहीं हरियाणा के सिर्फ 3 जिलों में आज अच्छी बारिश होने की संभावना है.