उत्तर प्रदेश के वृंदावन में यमुना नदी में शुक्रवार को श्रद्धालुओं से भरी एक नाव के अचानक पलटने से बड़ा हादसा हो गया. इस दर्दनाक घटना में करीब 10 लोगों के डूबने से मौत हो गई, जबकि कुछ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है. बताया जा रहा है कि नाव पर करीब 25 से 30 श्रद्धालु सवार थे, अभी भी कुछ लोग लापता हैं. हादसे के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए तुरंत राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं.
क्यों हुआ हादसा?
जानकारी के मुताबिक, नाव में बड़ी संख्या में श्रद्धालु सवार थे, जो यमुना नदी में दर्शन और भ्रमण के लिए निकले थे. इसी दौरान नाव का बैलेंस बिगड़ गया और वो पलट गई. चश्मदीदों का कहना है कि नाव में जरूरत से ज्यादा लोग सवार थे, जिसके कारण यह हादसा हुआ. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए. गोताखोरों की टीम को भी तुरंत लगाया गया, जो नदी में लापता लोगों की तलाश कर रही है. अब तक कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि कुछ के लापता होने की खबर है.
सीएम योगी ने लिया संज्ञान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे का तुरंत संज्ञान लिया है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राहत और बचाव कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए. साथ ही घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने के आदेश दिए हैं. सीएम योगी ने जिला प्रशासन से लगातार संपर्क बनाए रखने और स्थिति पर नजर रखने को कहा है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी जरूरी संसाधन मौके पर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि बचाव कार्य में तेजी लाई जा सके. इस बीच, स्थानीय लोगों ने भी बचाव कार्य में प्रशासन का सहयोग किया. कई लोगों ने अपने स्तर पर नदी में उतरकर फंसे लोगों को बाहर निकालने में मदद की.
ये भी पढ़ें: सीएम योगी के निर्देश पर उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक व कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने किया हवाई सर्वे










