PTI
Read More
---विज्ञापन---
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार से शुरू होने वाली अपनी चार-दिवसीय विदेश यात्रा के पहले चरण में 29 और 30 अगस्त को उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शावकत मिर्जियोयेव के निमंत्रण पर ताशकंद की राजकीय यात्रा पर रहेंगे. इसके बाद वह शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक पहुंचेंगे. विदेश मंत्रालय (MEA) के सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज ने इस दौरे की जानकारी देते हुए दोनों देशों के मजबूत संबंधों पर प्रकाश डाला. विदेश मंत्रालय के सचिव सिबी जॉर्ज ने बताया कि पिछले कई वर्षों में भारत और उज्बेकिस्तान के बीच द्विपक्षीय और बहुपक्षीय दोनों स्तरों पर व्यापक और सार्थक संबंध रहे हैं. दोनों देशों ने समय-समय पर अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय मंचों पर भी एक-दूसरे का सहयोग किया है. प्रधानमंत्री की यह आगामी यात्रा इन संबंधों को एक नया आयाम देने का काम करेगी.
#WATCH | Delhi | MEA Secretary (West) Sibi George says, "The Prime Minister will visit Uzbekistan from August 29 to 30 at the invitation of the President of Uzbekistan… Over the past several years, India and Uzbekistan have maintained extensive and fruitful engagements, both in… pic.twitter.com/fjKWpdKpaS
— ANI (@ANI) August 27, 2026
सिबी जॉर्ज के अनुसार, भारत और उज्बेकिस्तान ने साल 2011 में अपने द्विपक्षीय रिश्तों को ‘रणनीतिक साझेदारी’ का दर्जा दिया था. इसके बाद से दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग लगातार और तेजी से बढ़ा है. व्यापार, संस्कृति और कूटनीति के क्षेत्र में दोनों पक्षों ने ठोस प्रगति हासिल की है. प्रधानमंत्री की इस दो दिवसीय यात्रा के दौरान दोनों नेताओं के बीच व्यापार, निवेश, रक्षा, ऊर्जा, शिक्षा और डिजिटल कनेक्टिविटी जैसे अहम क्षेत्रों में रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने के लिए बातचीत होगी. दोनों नेता ‘विकसित भारत 2047’ और ‘उज्बेकिस्तान-2030’ के विकास विजन पर भी चर्चा करेंगे. ताशकंद में पीएम मोदी लाल बहादुर शास्त्री स्मारक और महात्मा गांधी केंद्र भी जाएंगे. यह प्रधानमंत्री की उज्बेकिस्तान की चौथी यात्रा होगी.
यात्रा के दूसरे चरण में प्रधानमंत्री किर्गिस्तान के राष्ट्रपति सदिर झापारोव के निमंत्रण पर बिश्केक पहुंचेंगे. यहां वह एससीओ के 25वें शिखर सम्मेलन को संबोधित करेंगे. विदेश मंत्रालय के सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज ने बताया कि सम्मेलन में क्षेत्र की सुरक्षा स्थिति, आतंकवाद, अलगाववाद और उग्रवाद से निपटने की चुनौतियों पर विचार-विमर्श होगा. पीएम मोदी सुरक्षा, संपर्क और अवसरों से जुड़ी भारत की प्राथमिकताओं को सामने रखेंगे. इस सम्मेलन में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के भी शामिल होने की संभावना है. पीएम मोदी शिखर सम्मेलन से इतर रूसी राष्ट्रपति पुतिन सहित कई नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे. इसके अलावा, प्रधानमंत्री छठे विश्व घुमंतू खेलों के उद्घाटन समारोह में भी शिरकत करेंगे.
न्यूज 24 पर पढ़ें देश, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।