महाराष्ट्र के ढोंगी तांत्रिक अशोक मामले में पूर्व महिला आयोग की अध्यक्ष रूपाली चाकनकर की मुश्किलें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। रूपाली को भी SIT समन भेजकर पूछताछ के लिए बुला सकती है। इसके अलावा शिवानिका ट्रस्ट पूर्व सदस्य और सदस्यों से भी पूछताछ की जा सकती है।
Today Breaking News in Hindi LIVE Updates: आज 30 मार्च दिन सोमवार है। आज की प्रमुख खबर की बात करें तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम 5:30 बजे ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। वहीं आज लोकसभा में नक्सलवाद से भारत को मुक्त करने के प्रयासों पर अहम चर्चा होगी, जिसका जवाब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह देंगे। इधर BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन असम दौरे पर रहेंगे, जहां वे मोरीगांव में सुबह 11:30 बजे और बोकाखाट में दोपहर 2 बजे रैली करेंगे।
उधर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी भी आज केरल के दौरे पर रहेंगे। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की नागरिकता मामले में दायर याचिका पर राउज एवेन्यू कोर्ट में आज सुनवाई होगी। मकोका के मामले में गिरफ्तार आम आदमी पार्टी के पूर्व विधायक नरेश बालियान की ओर से दायर जमानत याचिका पर दिल्ली हाई कोर्ट सुनवाई करेगा। इसके अलावा आज दिनभर की देश-दुनिया से जुड़ी छोटी-बड़ी खबरों के लाइव अपडेट्स के लिए बने रहें News24 के साथ…
महाराष्ट्र के भंडारा से कांग्रेस सांसद प्रशांत पड़ोले की कार का एक्सीडेंट हुआ है। सांसद प्रशांत पड़ोले संसद सत्र में हिस्सा लेने के लिए दिल्ली की फ्लाइट पकड़ने के लिए नागपुर एयरपोर्ट जा रहे थे। हादसे में सांसद प्रशांत पड़ोले और उनका ड्राइवर घायल हुआ है। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल लाया गया है।
राजधानी दिल्ली में हाई कोर्ट, स्कूल, अस्पताल समेत कई अहम जगहों को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला एक आरोपी गिरफ्तार हुआ है, जिसकी पहचान श्रीनिवास लुईस के रूप में हुई, जो कर्नाटक का रहने वाला है। दिल्ली पुलिस ने आरोपी को कर्नाटक से हिरासत में लिया। वहीं अपनी मां के साथ किराए के मकान में रह रहा था। पिछले कुछ महीनों में उसने 1100 से ज्यादा फर्जी बम कॉल किए और ईमेल भेजे।
धमकियों में हाई कोर्ट समेत कई महत्वपूर्ण ठिकानों को निशाना बनाने की बात कही गई थी। दिल्ली पुलिस ने मामला दर्ज करके गहन जांच शुरू की थी। जांच के दौरान आरोपी का लिंक कर्नाटक से मिला। आरोपी को दिल्ली लाया जा रहा है, जहां रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। पुलिस यह भी जांच करेगी कि उसने और किन-किन शहरों में इस तरह की धमकियां दीं। लुईस को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।
गुजरात के वलसाड जिले की औद्योगिक नगरी वापी में भीषण आग की घटना सामने आई है, जहां 20 से 25 स्क्रैप के गोदामों में भयंकर आग लग गई। वापी के डुंगरी फलिया स्थित मदीना मस्जिद के पास देर रात अचानक आग भड़क उठी, जिससे पूरे इलाके में डर और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग ने इतना विकराल रूप धारण कर लिया कि आसपास के करीब 20 से 25 स्क्रैप गोदाम जलकर खाक हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही वापी फायर ब्रिगेड की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं और आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मशक्कत कर रही हैं। आग की तीव्रता इतनी अधिक है कि लगभग आधा किलोमीटर दूर तक इसकी गर्मी महसूस की जा रही है, जबकि 5 किलोमीटर दूर से भी आग की लपटें साफ दिखाई दे रही हैं। मौके पर डुंगरा पुलिस स्टेशन के पीआई और उनकी पूरी टीम मौजूद रही।
उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के तातियागंज इलाके में कल रात अगरबत्ती बनाने वाली फैक्ट्री में आग लग गई थी, जिसे बुझाने के लिए 4 दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं, जिन्होंने कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया। किसी के घायल होने या हताहत होने की कोई खबर नहीं है।










