अब WhatsApp से भरे बिजली, गैस, पानी और इंश्योरेंस के बिल, जानें कैसे काम करेगा ये फीचर
अब बिजली-पानी से लेकर गैस और क्रेडिट कार्ड तक के बिल भरने के लिए अलग-अलग ऐप खोलने की जरूरत नहीं होगी. WhatsApp ने भारत में बिल पेमेंट की सुविधा शुरू कर दी है.
WhatsApp पर आया धांसू फीचर, अब इसी से भर सकेंगे बिल. (Image Credit- WhatsApp)
---विज्ञापन---
अगर आप बिजली, पानी, गैस या दूसरे जरूरी बिलों का भुगतान करने के लिए अलग-अलग ऐप इस्तेमाल करते हैं, तो अब इसकी जरूरत कम हो सकती है. WhatsApp ने भारत में बिल पेमेंट की सुविधा शुरू कर दी है. यानी जिस ऐप पर आप रोजाना दोस्तों और परिवार को मैसेज भेजते हैं, उसी के जरिए अब बिजली, गैस, पानी समेत कई घरेलू बिलों का भुगतान किया जा सकेगा. कंपनी ने यह सुविधा भारत कनेक्ट (BBPS) नेटवर्क के साथ मिलकर शुरू की है.
WhatsApp की नई सुविधा के तहत यूजर्स को 30 अलग-अलग कैटेगरी में 22,722 बिल जारी करने वाले संस्थानों तक पहुंच मिलेगी. इनमें बिजली, गैस और पानी के बिल के अलावा FASTag, इंश्योरेंस, क्रेडिट कार्ड और लोन पेमेंट जैसी सुविधाएं भी शामिल हैं. यानी कई तरह के जरूरी भुगतान एक ही जगह से किए जा सकेंगे.
---विज्ञापन---
पूरे भारत में धीरे-धीरे शुरू होगी सुविधा
कंपनी के मुताबिक WhatsApp बिल पेमेंट फीचर को पूरे भारत में रोल आउट किया जा रहा है. आने वाले दिनों में ये सुविधा Android और iOS के सभी वर्जन वाले यूजर्स के लिए उपलब्ध होगी. भारत में डिजिटल पेमेंट का इस्तेमाल लगातार बढ़ रहा है और UPI की बढ़ती लोकप्रियता, स्मार्टफोन की पहुंच और ऑनलाइन होने वाले रोजमर्रा के लेनदेन ने इसमें बड़ी भूमिका निभाई है.
WhatsApp छोड़े बिना कर सकेंगे भुगतान
WhatsApp का कहना है कि बिल पेमेंट की सुविधा से यूजर्स को अलग-अलग ऐप पर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. बिल का भुगतान मैसेज भेजने जितना आसान रखने की कोशिश की गई है. यूजर्स स्क्रीन के ऊपर दिए गए आइकन पर टैप करके बिल पेमेंट सेक्शन में जा सकते हैं. यहां पुराने भुगतान और आने वाले बिल भी देखे जा सकेंगे.
नई सुविधा में एक ही सर्विस प्रोवाइडर के तहत कई अकाउंट मैनेज करने का विकल्प भी मिलेगा. जैसे घर, ऑफिस या परिवार के अलग-अलग बिलों को एक ही जगह संभाला जा सकेगा. Payments Home पर अक्सर इस्तेमाल की जाने वाली बिल कैटेगरी भी दिखाई देंगी. वहीं, 20 से ज्यादा कैटेगरी की पूरी लिस्ट देखने के लिए See All का विकल्प मिलेगा.
---विज्ञापन---
UPI, डेबिट और क्रेडिट कार्ड से पेमेंट
WhatsApp पर बिल का भुगतान करने के लिए यूजर्स को कई पेमेंट ऑप्शन मिलेंगे. बिल चुनने के बाद UPI, डेबिट कार्ड या क्रेडिट कार्ड में से अपनी पसंद का तरीका चुना जा सकता है.भुगतान से पहले फेच किए गए बिल की रकम और बाकी जरूरी जानकारी भी चेक की जा सकेगी.
WhatsApp Bill Payment ऐसे करें
WhatsApp खोले और होम स्क्रीन के ऊपर दिए गए रुपये के आइकन टैप करें.
इसके बाद बिल की कैटेगरी और बिलर चुनें.
अब अकाउंट से जुड़ी जानकारी दर्ज करके उसे कन्फर्म करें.
इसके बाद सामने आए बिल की रकम और जरूरी जानकारी जांचें.
आखिर में UPI, डेबिट कार्ड या क्रेडिट कार्ड में से कोई एक पेमेंट ऑप्शन चुनकर भुगतान कन्फर्म कर दें.
मेटा इंडिया के एमडी एवं क्षेत्रीय प्रमुख अरुण श्रीनिवास के मुताबिक, कंपनी का मकसद बिल भुगतान को भी मैसेज भेजने जितना आसान बनाना है, ताकि लोगों को अलग-अलग ऐप और कई भुगतान तारीखों को याद रखने की जरूरत न पड़े.
---विज्ञापन---
आने वाले हफ्तों में सभी यूजर्स तक पहुंचेगा फीचर
WhatsApp ने कहा है कि बिल पेमेंट सुविधा को धीरे-धीरे पूरे भारत में उपलब्ध कराया जाएगा. आने वाले हफ्तों में यह फीचर सभी Android और iOS यूजर्स तक पहुंचने की उम्मीद है. इससे यूजर्स को रोजमर्रा के कई जरूरी बिलों का भुगतान करने के लिए अलग-अलग प्लेटफॉर्म का सहारा नहीं लेना पड़ेगा.