Add News24 as a Preferred Source Add news 24 as a Preferred Source

---विज्ञापन---

ऑटो

50 हजार सैलरी वाले खरीद सकते हैं ये कारें, सिर्फ 12 हजार EMI में आएगी नई गाड़ी! जानिए पूरा हिसाब

क्या 50 हजार की सैलरी में कार खरीदना समझदारी है या EMI का जाल? सही बजट और गणित समझ लें तो बिना फाइनेंशियल स्ट्रैस के भी नई कार घर लाई जा सकती है. जानिए कितना डाउन पेमेंट दें, EMI कितनी रखें और कौन सी कारें आपके बजट में फिट बैठती हैं.

Author
Written By: Mikita Acharya Updated: Feb 27, 2026 09:02
5-6 लाख बजट में बेस्ट कार कौन-सी? (Photo-Freepik)

New Car Buying Tips: अपनी कार का सपना लगभग हर भारतीय देखता है. घर के बाद अगर कोई बड़ी ख्वाहिश होती है तो वह कार खरीदने की होती है. लेकिन जब सैलरी 45 से 50 हजार रुपये के बीच हो, तो फैसला आसान नहीं रहता. EMI, डाउन पेमेंट और हर महीने का खर्च इन सबको संतुलित करना जरूरी होता है. ऐसे में समझदारी यही है कि जोश में आकर नहीं, बल्कि सही गणित लगाकर कार खरीदी जाए.

50 हजार सैलरी में कार खरीदना कितना सही?

देश में ज्यादातर लोग फिक्स्ड सैलरी पर घर चलाते हैं और बड़ी संख्या में लोगों की मासिक आय 50,000 रुपये से कम है. आज के समय में नई कारों की कीमत लगभग 4 5 लाख रुपये से शुरू होती है. ऐसे में ज्यादातर लोग लोन का सहारा लेते हैं. लेकिन अगर EMI ज्यादा हो जाए तो हर महीने का बजट बिगड़ सकता है. इसलिए सैलरी के हिसाब से कार चुनना बेहद जरूरी है.

---विज्ञापन---

कौन सा बजट रहेगा सुरक्षित?

अगर आपकी सैलरी 45 50 हजार रुपये के बीच है, तो 5 से 6 लाख रुपये तक की कार देखना समझदारी होगी. इस रेंज में आपको ज्यादा भारी डाउन पेमेंट या बहुत ऊंची EMI नहीं देनी पड़ेगी. कोशिश करें कि कुल कीमत का करीब 20 प्रतिशत डाउन पेमेंट दे दें और EMI आपकी सैलरी के 10 प्रतिशत से ज्यादा न हो. इससे घर का खर्च, बचत और बाकी जिम्मेदारियां आराम से निभाई जा सकेंगी. साथ ही इस बजट की कारों की मेंटेनेंस कॉस्ट भी आमतौर पर कम होती है.

---विज्ञापन---

मार्केट में उपलब्ध किफायती विकल्प
बजट सेगमेंट में कई अच्छे विकल्प मौजूद हैं जैसे-

  • Maruti Suzuki की Maruti Suzuki Alto K10 की शुरुआती कीमत 3.69 लाख रुपये है.
  • Maruti Suzuki S Presso 3.49 लाख रुपये से शुरू होती है.
  • Maruti Suzuki Wagon R की कीमत 4.98 लाख रुपये से शुरू है.
  • Maruti Suzuki Celerio 4.69 लाख रुपये से मिल जाती है.
  • Maruti Suzuki Ignis की शुरुआती कीमत 5.35 लाख रुपये है.
  • Tata Motors की Tata Tiago 4.57 लाख रुपये से शुरू होती है.
  • Tata Punch 5.50 लाख रुपये से मिलती है.
  • Hyundai Motor India की Hyundai Grand i10 Nios की कीमत 5.47 लाख रुपये से शुरू होती है.
  • Renault India की Renault KWID 4.30 लाख रुपये से उपलब्ध है.

ये सभी कीमतें एक्स शोरूम हैं और शहर के हिसाब से ऑन रोड कीमत अलग हो सकती है.

EMI कितनी बनेगी? एक उदाहरण से समझें

मान लीजिए आप Maruti Suzuki Celerio का बेस मॉडल LXI खरीदना चाहते हैं. इसकी ऑन रोड कीमत करीब 6.20 लाख रुपये मान लेते हैं. अगर आप 20 प्रतिशत यानी लगभग 1.24 लाख रुपये डाउन पेमेंट देते हैं, तो लोन अमाउंट करीब 4.96 लाख रुपये रहेगा.

अगर यह लोन 4 साल के लिए 8 प्रतिशत ब्याज दर पर लिया जाए, तो आपकी EMI करीब 12,109 रुपये प्रति महीना बनेगी. इसी रेंज की दूसरी कारों में भी लगभग यही EMI आएगी, अगर लोन की शर्तें समान हों.

फैसला लेने से पहले क्या सोचें?

कार सिर्फ खरीदने तक सीमित नहीं होती. उसका बीमा, सर्विस, फ्यूल और अन्य खर्च भी जुड़ते हैं. इसलिए कार चुनते समय यह जरूर देखें कि EMI के बाद भी आपकी मासिक आय में बचत हो रही है या नहीं. सही प्लानिंग के साथ 50 हजार की सैलरी में भी कार का सपना पूरा किया जा सकता है, बस जरूरत है समझदारी से कदम उठाने की.

ये भी पढ़ें- EMI पर बाइक लेना कहीं पड़ ना जाए मंहगा, खरीदने से पहले जान लें ये जरूरी बातें, वरना पछताएंगे

First published on: Feb 27, 2026 09:02 AM

संबंधित खबरें

Leave a Reply

You must be logged in to post a comment.