Pakistan News: पाकिस्तान में फिर आतंकी हमला हुआ है। एक कार पुलिस स्टेशन से टकराई और उसमें जोरदार धमाका हुआ। घटना में 5 लोगों की मौत हुई है। वहीं पुलिस स्टेशन की इमारत बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। धमाका इतना जबरदस्त था कि थाने के आस-पास कई घरों की छतें और दीवारों भी ढह गईं। आतंकी हमला पाकिस्तान के अशांत उत्तर-पश्चिमी प्रांत खैबर पख्तूनख्वा के बन्नू जिले में गुरुवार देर रात को हुआ। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
मृतकों में 3 महिलाएं और बच्चे शामिल
बता दें कि पाकिस्तान की डोमेल तहसील में पुलिस स्टेशन को निशाना बनाकर आत्मघाती हमला किया गया है। वहीं हमले में मरने वालों में 3 महिलाएं और एक बच्चा शामिल है। आत्मघाती हमलावर भयंकर स्पीड से विस्फोटक से भरी कार को चलाकर लाया और पुलिस स्टेशन की दीवार को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही कार में धमाका हो गया, जो इतना शक्तिशाली था कि इसकी गूंज दूरदराज के इलाकों तक सुनी गई। धमाके की आवाज सुनकर लोगों का दिल दहल गया और वे दौड़े आए।
धमाके के बाद इलाके में गोलीबारी
बता दें कि पुलिस ने पांचों शव बरामद कर लिए हैं, वहीं हमले में घायल 4 पुलिसकर्मियों को भी नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं धमाके के बाद इलाके में गोलीबारी शुरू हो गई, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। क्योंकि हमलावर थाने को पूरी तरह से ध्वस्त करने और सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने आए थे, लेकिन सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी करके हमलावरों को घेर लिया। क्योंकि कार में धमाका करने वाला अकेला नहीं था, बल्कि उसके साथ कई हमलावर और भी थे।
Watch: ईरान जंग पर मध्यस्थता कराने गए पाकिस्तानी डिप्टी पीएम का टूटा कंधा, रेड कार्पेट पर फिसला पैर
खैबर पख्तूनख्वा आतंकियों का टारगेट
चर्चा है कि अंधेरे का फायदा उठाकर हमलावर भागने में कायमाब हो गए। बता दें कि खैबर पख्तूनख्वा पिछले काफी समय से आतंकवादियों के निशाने पर है। खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान प्रांतों में पिछले कुछ महीनों में कई बड़े आतंकी हमले हो चुके हैं। खासकर पुलिस और सुरक्षाबलों पर आतंकी हमले हुए हैं। इसी वजह से पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव है, क्योंकि पाकिस्तान ने तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) पर अफगान धरती से हमले करने का आरोप लगाया है।










