जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत और उसके पड़ोसी देशों में सुरक्षा बल सतर्क हैं। इस दौरान चेन्नई से शनिवार (3 मई) को कोलंबो आ रही श्रीलंकन एयरलाइंस की एक फ्लाइट को भंडारानायके अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर स्पेशल सिक्योरिटी ऑपरेशन का सामना करना पड़ा। यह जांच उस समय शुरू हुई जब भारतीय एजेंसियों ने चेन्नई एरिया कंट्रोल सेंटर के माध्यम से श्रीलंकाई अधिकारियों को जानकारी दी कि उड़ान में संदिग्ध आतंकी शामिल हो सकते हैं।
कोलंबो पुलिस प्रवक्ता ने दी ये जानकारी
कोलंबो पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक, भारत से मिली जानकारी में संदिग्ध आतंकवादियों के चेन्नई से कोलंबो जाने की आशंका जताई गई थी। इसी के चलते श्रीलंकाई सुरक्षा अधिकारियों ने विमान के पहुंचते ही जांच शुरू की। श्रीलंकन एयरलाइंस ने अपने आधिकारिक बयान में बताया कि 3 मई को दोपहर 11:59 बजे चेन्नई से कोलंबो पहुंची फ्लाइट UL122 को हवाई अड्डे पर सख्त सुरक्षा जांच से गुजरना पड़ा। बयान में बताया गया कि यह कार्रवाई भारत के चेन्नई से मिली एक चेतावनी के बाद की गई थी। चेतावनी में कहा गया था कि एक संदिग्ध व्यक्ति, जिसकी तलाश भारत में चल रही है, शायद इस विमान में सवार हो सकता है। इस इनपुट के बाद श्रीलंकाई अधिकारियों ने विमान की गहन तलाशी ली।
भारत से सूचना मिलने पर ली गई तलाशी
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स और पुलिस सूत्रों के अनुसार, भारत सरकार ने स्पष्ट रूप से श्रीलंका को चेतावनी दी थी कि इस उड़ान में संदिग्ध लोग सवार हैं, जिनका संबंध पहलगाम आतंकी हमले से हो सकता है। बताया जा रहा है कि ये संदिग्ध भारत से श्रीलंका भागने की कोशिश कर रहे थे।
नहीं मिला कोई संदिग्ध
कई घंटे की गहन जांच के बाद विमान को पूरी तरह सुरक्षित घोषित किया गया। कोई संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु नहीं मिली। श्रीलंकन एयरलाइंस ने बयान जारी कर कहा, ‘हम अपने यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हैं। किसी भी परिस्थिति में हम उच्चतम सुरक्षा मानकों से समझौता नहीं करते।’
कुछ आतंकियों की हो चुकी है पहचान
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले में भारत सरकार और सुरक्षा एजेंसियों ने कई आतंकियों की पहचान की है। इस हमले में 26 लोगों की जान गई थी, जिनमें ज्यादातर पर्यटक थे। जांच के अनुसार, हमले में कुल चार से छह आतंकियों के शामिल होने की बात सामने आई है, जिनमें से कुछ की पहचान हो चुकी है। सुरक्षा एजेंसियों ने 3 संदिग्ध आतंकियों के स्केच भी जारी किए हैं, जिनके नाम आसिफ फौजी, सुलेमान शाह और अबू तल्हा बताए गए हैं। इसके अलावा, दो स्थानीय आतंकियों की पहचान आदिल हुसैन ठोकर और आसिफ शेख के रूप में हुई है। आदिल अनंतनाग का रहने वाला है और 2018 में पाकिस्तान जाकर आतंकी प्रशिक्षण ले चुका है।