Pakistan vs Bangladesh ODI Series: पाकिस्तान क्रिकेट टीम की एक बार फिर बेइज्जती हुई है. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद पाकिस्तान को बांग्लादेश के दौरे पर करारी हार झेलनी पड़ी है. शाहीन शाह अफरीदी की कप्तानी वाली पाकिस्तानी टीम को तीसरे वनडे में बांग्लादेश के हाथों 11 रन से हार का सामना करना पड़ा. इस हार के साथ ही पाकिस्तान ने 1-2 से सीरीज भी गंवा दी. ढाका में खेले गए इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश ने 5 विकेट पर 290 रन बनाए थे. जवाब में पाकिस्तान की टीम 50 ओवर में 279 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. पाकिस्तान की ओर से सलमान अली आगा ने 106 रन की शानदार शतकीय पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके.
वहीं, इस तीन मैचों की वनडे सीरीज में पाकिस्तान के 3 खिलाड़ी बुरी तरह से फ्लॉप साबित हुए, जो टीम के हार की वजह भी बने. इसमें सबसे पहला नाम साहिबजादा फरहान का है, जिन्होंने 3 मैचों में कुल 64 रन (27 रन, 31 रन और 6 रन) बनाए. फरहान ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में दो शतक लगाए थे, लेकिन बांग्लादेश के खिलाफ वनडे में उनका बल्ला नहीं चला. वहीं, मोहम्मद रिजवान भी फिसड्डी साबित हुए और पूरे सीरीज में कुल 58 रन (10 रन, 44 रन और 4 रन) बनाए. इसके अलावा, फहीम अशरफ भी कुछ खास नहीं कर पाए और तीन मैचों में सिर्फ एक विकेट झटके. अधिक जानकारी के लिए वीडियो देखें.









