News24 हिंदी
न्यूज 24 डेस्क प्रतिष्ठित पत्रकारों की पहचान है। इससे कई पत्रकार देश-दुनिया, खेल और मनोरंजन जगत की खबरें साझा करते हैं।
Read More---विज्ञापन---
राजनीति की दुनिया में हमेशा से बड़े-बड़े बदलाव और नई कहानियां सामने आती रहती हैं। अब तृणमूल कांग्रेस की मशहूर सांसद महुआ मोइत्रा और ओडिशा के बीजेडी के अनुभवी नेता पिनाकी मिश्र की शादी की खबर ने सबका ध्यान खींच लिया है। दोनों अलग-अलग पार्टियों से हैं, फिर भी उन्होंने अपने जीवन को एक साथ जोड़ने का फैसला किया है। आइए जानते हैं कौन हैं पिनाकी मिश्र?
ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC) की सांसद महुआ मोइत्रा ने पूर्व बीजेडी सांसद पिनाकी मिश्र से शादी कर ली है। यह शादी एक निजी समारोह के दौरान विदेश में हुई, जिसकी जानकारी कई मीडिया रिपोर्ट्स में सामने आई है। शादी की एक फोटो भी वायरल हुई है जिसमें 50 वर्षीय महुआ मोइत्रा और 65 वर्षीय पिनाकी मिश्र हाथ पकड़कर मुस्कुरा रहे हैं। हालांकि, दोनों नेताओं की तरफ से इस शादी की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
महुआ मोइत्रा पश्चिम बंगाल के कृष्णनगर क्षेत्र से दो बार सांसद चुनी जा चुकी हैं। उनके राजनीतिक करियर की शुरुआत एक निवेश बैंकर के रूप में हुई, लेकिन बाद में उन्होंने राजनीति में कदम रखा। महुआ ने अमेरिका के माउंट हॉलीओक कॉलेज से इकोनॉमिक्स और मैथमेटिक्स में ग्रेजुएट की डिग्री प्राप्त की है। 2010 में उन्होंने तृणमूल कांग्रेस जॉइन की और 2019 में करिमपुर विधानसभा क्षेत्र से पहली बार चुनाव जीता। संसद में उन्होंने भाजपा सरकार की नीतियों की कड़ी आलोचना की है और संसद की बहसों में अपनी प्रभावी आवाज से खास पहचान बनाई है।
#Dil_toh_Bachha_hai_jii…
65 Years Pinaki Mishra & 50 Years Mahua Moitra get married.
Pinaki was a 4 times MP from Puri & Mahua now MP from Kisnanagar, WB. #PinakiMishra #Odisha #westbengal#mohuamitra #marriage #mp pic.twitter.com/9kA3B5QssV— Prashanjit Ray (@TweettoPR) June 5, 2025
पिनाकी मिश्र ओडिशा के पुरी से ताल्लुक रखते हैं और उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के लॉ फेकल्टी से LLB किया है। उन्होंने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत कांग्रेस से की थी और 1996 में पुरी लोकसभा क्षेत्र से पहली बार सांसद बने। बाद में उन्होंने बीजू जनता दल (BJD) का दामन थामा और 2009, 2014 और 2019 में लगातार चुनाव जीतते रहे। पिनाकी मिश्र ने संसद के कई महत्वपूर्ण समितियों जैसे वित्त समिति, रक्षा मंत्रालय की सलाहकार समिति और नागरिक उड्डयन समिति में सदस्य के रूप में काम किया है। उनकी राजनीतिक यात्रा और अनुभव उन्हें एक वरिष्ठ और समझदार नेता के रूप में स्थापित करते हैं।
पिनाकी मिश्रा की यह दूसरी शादी है। उनकी पहली शादी 1984 में संगीता मिश्रा से हुई थी, जिनसे उन्हें एक बेटा और एक बेटी है। वहीं, महुआ मोइत्रा की भी यह दूसरी शादी है। उनकी पहली शादी डेनमार्क के रहने वाले एक फाइनैंसर लार्स ब्रोर्सन से हुई थी। तलाक के बाद महुआ मोइत्रा का नाम सुप्रीम कोर्ट के वकील जय अनंत देहदराई से भी जुड़ा था, लेकिन वह रिश्ता भी ज्यादा समय तक नहीं चला। इसी दौरान महुआ ने एक बार सार्वजनिक रूप से कहा था कि ‘मेरी मर्दों को लेकर पसंद बहुत खराब है’ लेकिन अब उन्होंने अपने जीवन के नए अध्याय की शुरुआत पिनाकी मिश्रा के साथ की है, जो उम्र में उनसे 15 साल बड़े हैं।
न्यूज 24 पर पढ़ें पश्चिम बंगाल, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।