kanpur Riddhi Siddhi Murder case: कानपुर के बर्रा इलाके में दो मासूम जिंदगियों, रिद्धि और सिद्धि, वो दो जुड़वां बहनें जिन्हें उनके ही पिता की सनक ने मौत की नींद सुला दिया, उनकी हत्या की कहानी अब और भी पेचीदा और दर्दनाक होती जा रही है. इस मामले में बेटियों की मां रेशमा ने जो खुलासे किए हैं, उन्होंने घर के बंद दरवाजों के पीछे छिपे खौफनाक मंजर की परतें खोल दी हैं. रेशमा ने बताया कि घर सुरक्षा के लिए नहीं, बल्कि उन पर पहरा देने के लिए CCTV कैमरों से लैस था. पति की सनक इस कदर थी कि उसने रेशमा को बेटियों के कमरे में जाने तक से रोक रखा था. पति अक्सर कहता था, “बेटे को ले जाओ, पर बेटियां मेरे पास रहेंगी.” मजबूरी में रेशमा 9 महीने मायके रहीं, लेकिन ममता उन्हें वापस खींच लाई. उन्हें क्या पता था कि जिस ममता के कारण वह लौटी हैं, वही उनके जीवन का सबसे काला अध्याय बन जाएगा.
रिश्तों का बंटवारा और ‘कैद’ में मां
रेशमा के बयानों से साफ है कि यह घर किसी जेल से कम नहीं था. एक पिता ने न केवल अपनी पत्नी को घर में लगे CCTV कैमरों के जरिए निगरानी में रखा था, बल्कि उसने बच्चों तक का बंटवारा कर दिया था. रेशमा ने बेहद चौंकाने वाला आरोप लगाया है कि उसे उन कमरों में जाने तक की इजाजत नहीं थी जहां उसकी बेटियां रहती थीं. पति ने घर में ऐसी लक्ष्मण रेखा खींच दी थी जिसे पार करने पर विवाद होता था.
2:30 बजे बाथरूम ले गया, फिर छाया सन्नाटा
रेशमा के मुताबिक, उस काली रात सब कुछ सामान्य था. रात करीब 2:30 बजे उन्होंने स्क्रीन पर देखा कि पति एक बेटी को लेकर बाथरूम गया और वापस आ गया. इसके बाद कमरे की लाइट बंद हो गई. रेशमा ने दरवाजे पर कान लगाकर आहट लेनी चाही, लेकिन अंदर मौत जैसा सन्नाटा था. उन्हें लगा सब सो गए हैं, पर हकीकत में आरोपी अपने खौफनाक मंसूबे को अंजाम दे चुका था. जब सुबह दोनों बेटियां मृत मिलीं, तो उस मां पर क्या गुजरी होगी जिसे अपनी ही औलाद को छूने तक के लिए बंदिशों का सामना करना पड़ता था.
अनसुलझे सवाल और पुलिस की तफ्तीश
पुलिस अब रेशमा के इन बयानों को आधार बनाकर मामले की जांच कर रही है. घर में लगे CCTV फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि उस काली रात की पूरी हकीकत सामने आ सके. पुलिस अब इन तमाम बिंदुओं पर जांच कर रही है:
- क्या आरोपी पति किसी मानसिक बीमारी से जूझ रहा था?
- CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग में उस रात की क्या हलचल कैद हुई है?
- बेटियों को मां से दूर रखने के पीछे असल मकसद क्या था?
पहले नींद की गोलियां, फिर हमला
पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि यह कत्ल अचानक नहीं, बल्कि पूरी प्लानिंग के साथ किया गया. आरोपी ने एक दिन पहले ही हथियार खरीदा था. मासूम बेटियां चीख न सकें, इसके लिए उसने पहले उन्हें खाने में नींद की गोलियां दीं. जब वे गहरी नींद में सो गईं, तब उसने उनके गले पर गहरे घाव कर दिए. सुबह 4:30 बजे आरोपी ने खुद पुलिस को फोन कर अपने गुनाह की इत्तला दी.
जो बेटियों का कातिल बन जाए, उसे जीने का कोई हक नहीं
दोनों लाडलियों को खो चुकी रेशमा अब केवल इंसाफ चाहती हैं. उनका कहना है कि जो पिता अपनी ही मासूम बेटियों का कातिल बन जाए, उसे जीने का कोई हक नहीं है. उन्होंने आरोपी के लिए फांसी की सजा की मांग की है. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद कर लिया है और घर के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं.
संबंधित खबरें
अग्निवीरों को UP में बिना एग्जाम मिलेगी सरकारी नौकरी; CM योगी ने किया ऐलान
2 hrs agoRRB NTPC CBT-2 का स्कोरकार्ड जारी, प्रयागराज से 244 अभ्यर्थी पास
7 hrs agoआजम खान को SC से तगड़ा झटका, ED की गिरफ्तारी पर तुरंत सुनवाई से इनकार
7 hrs agoअयोध्या राम मंदिर में दान चोरी पर SC में खुलासा, UP सरकार ने बताया-दोषी कौन
10 hrs agoUP Special TET Admit Card 2026 जारी, ऐसे करें डाउनलोड, देखें एग्जाम शिफ्ट
12 hrs agoUP के कुशीनगर में भीषण सड़क हादसा, कार-ट्रक की टक्कर में 6 लोगों की मौत
13 hrs agoपीलीभीत में वोटर लिस्ट में गड़बड़ी पर एक्शन; 2 अधिकारी सस्पेंड, FIR भी होगी
13 hrs agoवोटर लिस्ट फर्जीवाड़े पर EC का एक्शन, दोषी अफसरों को होगी जेल और जुर्माना
23 hrs agoCM योगी को मिली गुड न्यूज! नेशनल सर्वे में बने देश के नंबर-1 मुख्यमंत्री
23 hrs agoहेलीकॉप्टर में दो पायलट अनिवार्य, DGCA के नियम के विरोध में उतरे ऑपरेटर्स
1 day agoन्यूज 24 पर पढ़ें देश, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on:
Know More: Editorial Guidelines