पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय टी20 लीग में खेलने की तैयारी कर रहे हैं. उन्होंने ब्रिटिश नागरिक के रूप में अफगानिस्तान प्रीमियर लीग (APL) के प्लेयर ड्राफ्ट के लिए अपना नाम दर्ज कराया है. 34 वर्षीय आमिर के पास यूके की नागरिकता है, लेकिन रजिस्ट्रेशन के दौरान उनका निवास स्थान पाकिस्तान बताया गया है. मंगलवार, 3 नवंबर को दुबई में होने वाले ड्राफ्ट में उन्हें प्लैटिनम कैटेगरी में रखा गया है. इस कैटेगरी में शामिल खिलाड़ियों की फीस 1 लाख अमेरिकी डॉलर तय की गई है.
PCB से NOC लेने की जरूरत नहीं
ब्रिटिश नागरिकता के आधार पर आमिर को अफगानिस्तान प्रीमियर लीग में खेलने के लिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) लेने की जरूरत नहीं होगी. इसी वजह से उनके इस फैसले को IPL के नजरिए से भी अहम माना जा रहा है. अब चर्चा शुरू हो गई है कि आमिर 16 दिसंबर को गोवा में होने वाले IPL 2027 के मिनी ऑक्शन में भी अपना नाम दे सकते हैं.
हालांकि, IPL में उनकी भागीदारी को लेकर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. इससे पहले पाकिस्तान में जन्मे पूर्व क्रिकेटर अजहर महमूद भी ब्रिटिश पासपोर्ट के आधार पर IPL में खेल चुके हैं. उन्होंने किंग्स इलेवन पंजाब और कोलकाता नाइट राइडर्स का प्रतिनिधित्व किया था.
ड्राफ्ट में 462 खिलाड़ियों ने कराया रजिस्ट्रेशन
अफगानिस्तान प्रीमियर लीग के प्लेयर ड्राफ्ट के लिए कुल 462 खिलाड़ियों ने अपना नाम दिया है. इस सूची में आमिर के अलावा भारत के पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी विजय शंकर, केएस भरत और मुरूगन अश्विन भी शामिल हैं. इन तीनों को गोल्ड कैटेगरी में जगह मिली है. केएस भरत हाल ही में क्रिकेट से संन्यास लेने के कारण भी चर्चा में रहे हैं. भारतीय मूल के कुछ विदेशी खिलाड़ी भी इस ड्राफ्ट का हिस्सा हैं. इनमें अमेरिका के उन्मुक्त चंद, यूएई के राहुल चोपड़ा और ओमान के अयान खान के नाम शामिल हैं.
पाकिस्तानी खिलाड़ियों के खेलने पर सस्पेंस
दूसरी तरफ, PCB ने अपने खिलाड़ियों को अफगानिस्तान प्रीमियर लीग में हिस्सा लेने के लिए NOC देने से इनकार कर दिया है. पाकिस्तान के 30 से ज्यादा खिलाड़ियों ने इस लीग के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था. इनमें फखर जमान, साइम अय्यूब, हसन अली और इमाद वासिम जैसे बड़े नाम भी शामिल हैं. हालांकि, दोनों देशों के बीच मौजूदा कूटनीतिक तनाव के चलते इन खिलाड़ियों की भागीदारी पर सवाल बने हुए हैं.
पांच टीमों वाली इस लीग में अफगानिस्तान के कई प्रमुख क्रिकेटर भी खेलते दिखाई देंगे. राशिद खान, मोहम्मद नबी और रहमानुल्लाह गुरबाज जैसे खिलाड़ियों के शामिल होने से टूर्नामेंट को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ने की उम्मीद है.