हरियाणवी सिंगर और यूट्यूबर अंकित बालियान की हत्या के मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस और एसटीएफ ने सोमवार सुबह बड़ी कार्रवाई की. शामली में हुई मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध शूटरों को मार गिराया. पुलिस के मुताबिक, मारे गए बदमाशों की पहचान मोहित और सुमित के रूप में हुई है. दोनों पर अंकित बालियान की हत्या में सीधे तौर पर शामिल होने का आरोप था.
एसपी एनपी सिंह ने बताया कि सुबह चार बजे सूचना मिली थी कि अंकित बालियान हत्याकांड के दो शूटर शामली की तरफ आ रहे थे. सूचना पर सभी थानों को मौके पर बुलाया गया. बदमाश पुलिस को चखमा देते हुए मन्ना माजरा की तरफ दौड़ गए. इस दौरान होटल राजमहल के पास बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की. एक गोली पुलिस की गाड़ी में लगी. जबकि दो पुलिसकर्मियों को भी गोली लगी.
पुलिस कार्रवाई में दो बदमाश ढेर
पुलिस की ओर से की गई फायरिंग में दो बदमाश ढेर हो गए. पुलिस ने घायल पुलिसकर्मी और बदमाशों को अस्पताल पहुंचाया. मृतक बदमाशों के नाम सुमित पुत्र धर्मपाल और मोहित निवासी राझडा सोनीपत हरियाणा के निवासी थे. घटनास्थल पर एसपी समेत पुलिस मौजूद हैं.
जानकारी के मुताबिक, शामली पुलिस की टीम और एसटीएफ की टीमें पिछले कई दिनों से हत्याकांड के आरोपियों की तलाश में जुटी थीं. इसी दौरान सोमवार तड़के औद्योगिक क्षेत्र के आस-पास संदिग्ध गतिविधि की सूचना पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया. पुलिस का दावा है कि आमना-सामना होने पर बदमाशों को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा गया, लेकिन उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी. इसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश घायल हो गए. उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से हथियार और कारतूस बरामद किए हैं. अधिकारियों के मुताबिक, बरामद सामान की जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि हत्या में इस्तेमाल हथियारों से इसका कोई संबंध है या नहीं. पुलिस अब मुठभेड़ में मारे गए दोनों आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और उनके संपर्कों की भी जानकारी जुटा रही है.
जिम के बाहर हुई थी अंकित की हत्या
बता दें कि अंकित बालियान की 26 अगस्त को शामली में जिम से निकलते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. वारदात के दौरान हमलावरों ने उन पर कई राउंड फायर किए और इसके बाद मौके से फरार हो गए. घटना के बाद सामने आए सीसीटीवी फुटेज और दूसरे सुरागों के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध शूटरों की पहचान की दिशा में जांच आगे बढ़ाई. जांच में पुलिस ने चार संदिग्ध शूटरों की पहचान किए जाने की बात कही थी. इनमें हरियाणा के हिसार और रोहतक से जुड़े आरोपियों के नाम सामने आए थे. पुलिस की टीमें लगातार हरियाणा और दिल्ली समेत अलग-अलग संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थीं.
यह भी पढ़ें- लखनऊ में एनजीओ संचालक का अपहरण कर मर्डर, दुबग्गा नहर में फेंका मिला शव
गैंग कनेक्शन की भी जांच
अंकित की हत्या के बाद सोशल मीडिया पर एक कथित गैंग पोस्ट सामने आई थी, जिसमें हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया था. हालांकि पुलिस अभी इस दावे और हत्याकांड के पीछे मौजूद कथित नेटवर्क की पूरी तरह पुष्टि करने में जुटी है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि वारदात की साजिश किसने रची, शूटरों को किसने हथियार मुहैया कराए और हत्या के पीछे असल वजह क्या थी.