महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजी नगर ज़िले के तिसगांव के खवड्या डोंगर पर शुक्रवार को दिल दहला देने वाला हादसा हुआ. पहाड़ी के किनारे पहुंचे 18 वर्षीय युवक को बचाने की कोशिश में उसके पिता भी गहरी खाई में गिर गए. पति और बेटे को खाई में गिरते देख मां ने भी छलांग लगा दी. हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई. मृतकों की पहचान 18 वर्षीय कुणाल चांदवडे, उसके पिता मुरलीधर चांदवडे और मां संगीता चांदवडे के रूप में हुई है.
इस दर्दनाक घटना का एक वीडियो भी सामने आया है. वीडियो में युवक को पहाड़ी के किनारे देखा जा सकता है. आसपास मौजूद लोग उसे समझाने और सुरक्षित वापस लाने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं. इसी दौरान हुए घटनाक्रम के कुछ बेहद भयावह पल भी कैमरे में कैद हो गए.
तीन घंटे तक बेटे को समझाते रहे परिजन
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे कुणाल, खवड्या डोंगर के ऊंचे हिस्से पर पहुंच गया और पहाड़ी के बेहद किनारे जाकर खड़ा हो गया. इसकी जानकारी मिलते ही परिवार के लोग, स्थानीय ग्रामीण, पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची. कुणाल लगातार अपनी जगह बदल रहा था, लेकिन अपनी मां से बातचीत कर रहा था. परिवार और ग्रामीणों ने उसे वापस आने के लिए काफी देर तक समझाया.
बताया जा रहा है कि करीब तीन घंटे तक उसे सुरक्षित नीचे लाने की कोशिश की गई. इस दौरान कुणाल कथित तौर पर कह रहा था कि उसके पास कोई दूसरा रास्ता नहीं बचा है. मां लगातार उससे भावुक होकर वापस आने की अपील करती रहीं. आसपास मौजूद लोग भी उसे समझाते रहे कि किसी भी परेशानी का समाधान अपनी जिंदगी खत्म करना नहीं है.
बेटे को बचाने आगे बढ़े पिता
घटना के शुरुआती दौर में कुणाल के पिता पहाड़ी के नीचे थे, जबकि उसकी मां ऊपर रहकर लगातार उससे बात कर रही थीं. हादसे से करीब 15 से 20 मिनट पहले पिता भी पहाड़ी के ऊपर पहुंच गए. परिजनों और ग्रामीणों को उम्मीद थी कि पिता बेटे को समझाकर उसे सुरक्षित वापस ले आएंगे. लेकिन इसी दौरान कुणाल अचानक पहाड़ी के और किनारे की ओर बढ़ने लगा. उसे रोकने के लिए पिता आगे बढ़े. इसी कोशिश के दौरान दोनों का संतुलन बिगड़ गया और पिता-पुत्र गहरी खाई में जा गिरे.
पति और बेटे को गिरते देख मां ने भी उठाया खौफनाक कदम
आंखों के सामने पति और बेटे को खाई में गिरता देख मां संगीता सदमे में आ गईं. इसके बाद उन्होंने भी उसी खाई में छलांग लगा दी. ऊंचाई से गिरने के कारण कुणाल, मुरलीधर और संगीता की मौत हो गई. एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से तिसगांव इलाके में शोक की लहर है.
पुलिस निरीक्षक रामेश्वर गाढे पाटील ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची थी. पूरे मामले की जांच की जा रही है. युवक ने यह कदम क्यों उठाया और इसके पीछे वास्तविक वजह क्या थी, इसकी जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
हादसा पूरे इलाके को झकझोर देने वाला
शुरुआती जानकारी में युवक के तनाव या निराशा में होने की बात सामने आ रही है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. वड्या डोंगर का यह हादसा सिर्फ एक परिवार को नहीं, बल्कि पूरे इलाके को झकझोर देने वाला है. बेटे को बचाने की कोशिश में पिता की जान चली गई और पति-बेटे को खोने के सदमे में मां ने भी अपनी जान गंवा दी.