IIT बॉम्बे के एनर्जी साइंस और इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट के सेकंड ईयर के एक छात्र ने शुक्रवार शाम सुसाइड कर लिया. रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह एग्जाम के दौरान मोबाइल फोन का यूज करते हुए पकड़ा गया था. IIT बॉम्बे का कहना है कि उसने जवाब के लिए एग्जाम पेपर को एआई टूल चेटजीपीटी पर अपलोड किया था. हालांकि, आईआईटी का कहना है कि इस घटना के बाद छात्र के खिलाफ कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं की गई थी.
इंस्ट्रक्टर और डिपार्टमेंट हेड ने छात्र से एग्जाम में मोबाइल यूज करने पर पकड़ने जाने वाले मामले को लेकर बातचीत की थी. साथ ही उसे भरोसा दिलाया था कि इस घटना का उसके एकेडमिक करियर पर कोई बुरा असर नहीं पड़ेगा.
होस्टल में मिला मृत
इसके बाद छात्र अपने हॉस्टल के रूम में लौट आया. बाद में शाम को वह अपने कमरे में मृत पाया गया. IIT बॉम्बे ने छात्र की मौत पर गहरा दुख जताया और कहा कि वह उसके दोस्तों, क्लासमेट्स, फैकल्टी मेंबर और इस घटना से प्रभावित अन्य लोगों की हर संभव मदद कर रह है. साथ ही आईआईटी ने कहा कि छात्र की मौत से जुड़ी परिस्थितियों की जांच संबंधित अधिकारी कर रहे हैं.
छात्रों ने किया प्रदर्शन
छात्र के सुसाइड की जानकारी मिलने के बाद संस्थान में अफरा-तफरी मच गई. कैंपस में मौजूद सभी छात्र इकट्ठा हो गए और उन्होंने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया.
इसके बाद प्रंबधन ने इसके बारे में पुलिस की जानकारी दी. पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर शुरुआती जांच की और शव को अपने कब्जे में ले लिया. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. छात्रों के घरवालों को इसके बारे में जानकारी दी गई. घरवालों को जैसे ही जानकारी मिली, वे सब सदमे में आ गए.
पिछले महीने भी एक छात्र ने किया था सुसाइड
पिछले महीने भी आईआईटी के एक छात्र के सुसाइड का मामला सामने आया था. 22 अगस्त को IIT दिल्ली में एमएससी फिजिक्स के सेकंड ईयर के 31 वर्षीय छात्र की लेक्चर हॉल कॉम्प्लेक्स की छठी मंजिल से कूदने के बाद मौत हो गई थी. छात्र को IIT दिल्ली कैंपस के अस्पताल ले जाया गया था, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया था. पुलिस को जांच के दौरान मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला था.