हमारे साथ जुड़ें X IG YT FB
Trending: Asian Games 2026election commissionBigg Boss 20

महाराष्ट्र में बड़ा एक्शन! ब्रांडेड पैकेटों में मिलाया जा रहा था नकली दूध, मुंबई और संभाजीनगर में छापेमारी

मुंबई क्राइम ब्रांच की यूनिट-12 ने महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन और बृहन्मुंबई खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के साथ संयुक्त अभियान चलाकर दहिसर (पूर्व) से मिलावटी दूध बेचने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया.

विज्ञापन

महाराष्ट्र में मिलावटी दूध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मुंबई और छत्रपति संभाजीनगर में प्रशासन ने दो अलग-अलग मामलों का खुलासा किया है. मुंबई के दहिसर इलाके में एक व्यक्ति को मिलावटी दूध बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है, जबकि छत्रपति संभाजीनगर में एक डेयरी पर छापेमारी कर बड़ी मात्रा में संदिग्ध सामग्री जब्त की गई है. दोनों मामलों में खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं.

470 लीटर मिलावटी दूध जब्त

मिली जानकारी के अनुसार, मुंबई क्राइम ब्रांच की यूनिट-12 ने महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन और बृहन्मुंबई खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के साथ संयुक्त अभियान चलाकर दहिसर (पूर्व) से मिलावटी दूध बेचने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया.

गुप्त सूचना के आधार पर अधिकारियों ने दहिसर (पूर्व) स्थित राजेश कंपाउंड के पास दुबे चॉल नंबर-2 के कमरा बी-3 में छापा मारा. कार्रवाई के दौरान 470 लीटर दूध बरामद किया गया, जिसे कथित तौर पर अमूल ताजा, अमूल गोल्ड, अमूल बफेलो और गोकुल जैसे नामी ब्रांडों के असली पैकेटों से निकालकर मिलावटी बनाया गया था.

विज्ञापन

छापेमारी में 327 नकली और खाली ब्रांडेड दूध के पैकेट, पैकेटों को दोबारा सील करने वाले उपकरण तथा एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया. जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब 39,750 रुपये बताई गई है. वहीं, लगभग 29,750 रुपये मूल्य का मिलावटी दूध मौके पर ही नष्ट कर दिया गया.

पुलिस के मुताबिक आरोपी असली दूध के पैकेटों से दूध निकालकर उसमें गंदा पानी मिलाता था. इसके बाद पैकेटों को गर्मी की मदद से दोबारा सील कर असली उत्पाद के रूप में बाजार में बेच देता था. अधिकारियों का कहना है कि यह मिलावटी दूध आम लोगों, खासकर बच्चों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकता था.

विज्ञापन

इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और खाद्य सुरक्षा कानून की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. आरोपी फिलहाल पुलिस हिरासत में है और मुंबई क्राइम ब्रांच की यूनिट-12 मामले की आगे की जांच कर रही है.

छत्रपति संभाजीनगर में डेयरी पर एक्शन

उधर, छत्रपति संभाजीनगर जिले के फुलंब्री स्थित सिद्धेश्वर दूध डेयरी पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने बड़ी कार्रवाई की. यह डेयरी रेणुका पेट्रोल पंप के पास स्थित है. छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने 496 किलोग्राम गोवर्धन व्हे परमिएट पाउडर और म्लेकपोल व्हे परमिएट पाउडर के आधार पर मिलावटी दूध तैयार कर बेचे जाने के संदेह में दूध और पाउडर जब्त कर लिया. FDA ने कार्रवाई के दौरान संबंधित दो प्रतिष्ठानों के खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए हैं. अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

विज्ञापन

मिलावट के खिलाफ सख्त कार्रवाई

मुंबई और छत्रपति संभाजीनगर में हुई इन कार्रवाइयों से साफ है कि राज्य में मिलावटी खाद्य पदार्थों के कारोबार पर प्रशासन लगातार सख्ती बरत रहा है. अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें दूध या अन्य खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका हो तो तुरंत संबंधित विभाग को इसकी जानकारी दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके.

संबंधित खबरें

न्यूज 24 पर पढ़ें देश, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

Know More: Editorial Guidelines

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

ताज़ा खबरें

Sponsored Links by Taboola