---विज्ञापन---

दिल्ली angle-right

रेखा गुप्ता सरकार का बड़ा ऐलान: DU में 5 रुपये की अटल कैंटीन, 50 नए U-Special बस रूट जल्द शुरू किए जाएंगे

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रों के लिए 16 अगस्त से 5 रुपये की अटल कैंटीन और 50 नए यू-स्पेशल बस रूट शुरू करने की घोषणा की. साथ ही छात्रावास सुविधाओं के विस्तार पर भी जोर दिया.

---विज्ञापन---

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) के छात्रों के लिए दो बड़ी घोषणाएं की हैं. उन्होंने बताया कि 16 अगस्त से दिल्ली यूनिवर्सिटी परिसर में 5 रुपये में पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के लिए ‘अटल कैंटीन’ शुरू की जाएगी. इसके साथ ही छात्रों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए जल्द 50 नई यू-स्पेशल बस रूट भी शुरू किए जाएंगे.

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ये घोषणाएं ‘शहीद भगत सिंह कॉलेज’ के ‘हीरक जयंती (60 वर्ष) समारोह’ के दौरान कीं. इस कार्यक्रम में दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. योगेश सिंह, कॉलेज के प्राचार्य प्रो. अरुण कुमार अत्री, शिक्षक, छात्र, पूर्व छात्र और बड़ी संख्या में शिक्षाविद मौजूद रहे. मुख्यमंत्री ने कॉलेज के वर्षभर चलने वाले हीरक जयंती कार्यक्रमों के कैलेंडर और डिजिटल आर्काइव के लिए तैयार किए गए क्यूआर कोड का भी लोकार्पण किया.

---विज्ञापन---

मुख्यमंत्री ने शहीद भगत सिंह कॉलेज को 60 वर्ष पूरे होने पर बधाई देते हुए कहा कि यह संस्थान वर्षों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन और ‘नेशन फर्स्ट’ की भावना के साथ छात्रों को तैयार कर रहा है. उन्होंने कहा कि ऐसे शिक्षण संस्थान देश के भविष्य को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.

रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की शिक्षा व्यवस्था लगातार आधुनिक और नवाचार आधारित बन रही है. उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार भी स्कूलों और उच्च शिक्षण संस्थानों में बेहतर बुनियादी ढांचे, स्मार्ट क्लासरूम, आधुनिक प्रयोगशालाओं और नई तकनीकी सुविधाओं का विस्तार कर रही है.

---विज्ञापन---

उन्होंने बताया कि दिल्ली को वैश्विक शिक्षा केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए छात्रावास सुविधाओं को भी मजबूत किया जा रहा है. इसी दिशा में इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय के प्रस्तावित नए परिसर में दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रों के लिए हॉस्टल बनाने के प्रस्ताव पर भी विचार किया जा रहा है.

दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. योगेश सिंह ने कॉलेज को 60 वर्ष पूरे होने पर शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि शहीद भगत सिंह कॉलेज ने शैक्षणिक क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है. उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय संस्थागत रैंकिंग फ्रेमवर्क (NIRF) में कॉलेज ने 101वें स्थान से 39वें स्थान तक की बड़ी छलांग लगाई है, जो पूरे कॉलेज परिवार के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है.

---विज्ञापन---

प्रो. योगेश सिंह ने कहा कि 60 वर्ष केवल समय का सफर नहीं, बल्कि समृद्ध परंपरा और उत्कृष्ट शैक्षणिक संस्कृति का प्रतीक हैं. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “यही सही समय है, भारत को दुनिया में सर्वश्रेष्ठ बनाने का” विजन का उल्लेख करते हुए कॉलेजों में बिजनेस इन्क्यूबेटर स्थापित करने पर जोर दिया. साथ ही छात्रों से शहीद भगत सिंह की जेल डायरी पढ़ने और उनके विचारों व देशभक्ति से प्रेरणा लेने की अपील की.

First published on: Jul 18, 2026 12:42 PM

End of Article

About the Author

---विज्ञापन---
संबंधित खबरें
Sponsored Links by Taboola