Delhi Assembly Elections Result 2025 : दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में आम आदमी पार्टी को तगड़ा झटका लगा है। आप को 22 सीटों पर जीत मिली। आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल समेत कई मंत्री और वरिष्ठ नेताओं को हार का सामना करना पड़ा, लेकिन आतिशी अपनी कालकाजी सीट बचाने में सफल रहीं। कालकाजी से जीत हासिल करने के बाद आतिशी का जश्न मनाते हुए एक वीडियो सामने आया है।
दिल्ली की हॉट सीटों में शुमार कालकाजी से आतिशी ने कम मार्जिन से जीत हासिल की। आप की विजयी उम्मीदवार और निवर्तमान सीएम आतिशी ने समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ डांस किया और जीत का जश्न मनाया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में सीएम आतिशी डांस करती नजर आ रही हैं और उनके आसपास कार्यकर्ता और समर्थक भी दिख रहे हैं।
आतिशी ने बीजेपी के रमेश बिधूड़ी को दी शिकस्त
आप की उम्मीदवार और सीएम आतिशी ने कालकाजी से बीजेपी के रमेश बिधूड़ी को 3521 वोटों के अंदर से शिकस्त दी। अंतिम राउंड की काउंटिंग तक आतिशी और रमेश बिधूड़ी के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। अंत में आतिशी ने जीत हासिल कर ली। इसके बाद वह अरविंद केजरीवाल से मिलने के लिए उनके घर गईं और फिर अपने आवास लौट आईं।
आवास पर आतिशी का हुआ स्वागत
जब आतिशी अपने आवास पहुंचीं तो वहां उनके समर्थकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। अगर कालकाजी सीट की बात करें तो आतिशी को 52154 और रमेश बिधूड़ी को 48633 वोट मिले, जबकि तीसरे नंबर पर रहीं कांग्रेस की उम्मीदवार अलका लांबा ने सिर्फ 4392 मत हासिल किए।