केजरीवाल ने जेल से सरकार चलाने का बनाया प्लान, 2-2 मंत्रियों के सहारे ऐसे चलेगी दिल्ली

Arvind Kejriwal Would Not Resign As Delhi CM: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. संदीप पाठक ने सोमवार को फिर दोहराया कि अरविंद केजरीवाल दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा नहीं देंगे। उन्होंने बताया कि केजरीवाल ने जेल से सरकार चलाने की प्लानिंग बना ली है और दिल्ली की सरकार सुचारु रूप से चलती रहेगी। बता दें कि केजरीवाल को कथित शराब घोटाला केस में गिरफ्तार किया गया है।

Arvind Kejriwal

Arvind Kejriwal Would Not Resign As Delhi CM : कथित शराब घोटाला मामले में तिहाड़ जेल में बंद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) इस्तीफा नहीं देंगे। उनके इस्तीफे को लेकर रोज ही कोई न कोई सवाल खड़ा करता है और आम आदमी पार्टी (आप) इन सवालों को खारिज कर देती है। आज यानी सोमवार को भी आप के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. संदीप पाठक ने भी साफ किया कि केजरीवाल सीएम पद से इस्तीफा नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि सरकार तो जेल से चल ही रही है।

इस तरह चलेगी जेल से सरकार!

पाठक ने कहा कि केजरीवाल अगले सप्ताह से 2-2 मंत्रियों से जेल में ही मुलाकात करेंगे। इस दौरान वह उनके विभागों के काम-काज की समीक्षा करेंगे। साथ ही मंत्रियों के लिए उनके कार्यों से जुड़े दिशा-निर्देश भी समय-समय पर जारी होते रहेंगे। उन्होंने कहा कि जेल में मंत्रियों के साथ बैठक करने के लिए जो कानूनी प्रक्रिया होगी उनका पालन किया जाएगा और नियमों के अनुसार ही ऐसा होगा। अब दिल्ली की सरकार जेल से चलेगी। केजरीवाल ने अपने विधायकों को आदेश दिया है कि अब वह पहले से दोगुनी मेहनत करें।

चुनाव के लिए तैयारियां जोरों पर

आप के राष्ट्रीय महासचिव ने आगे कहा कि अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की माताओं-बहनों को हर महीने 1000 रुपये सम्मान निधि के रूप में देने की बात कही है। इसे बजट में भी अनुमति मिल गई है। जैसे ही केजरीवाल जेल से बाहर आएंगे यह योजना लागू कर दी जाएगी। पाठक ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर आप की स्थिति मजबूत है। सभी राज्यों में चुनाव प्रचार चल रहा है। पार्टी के सभी नेता और कार्यकर्ता जोश के साथ जुटे हुए हैं। भाजपा के अन्याय का जवाब जनता इस लोकसभा चुनाव में देगी।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
होम पेज पर वापस जाएँ