---विज्ञापन---

बिहार angle-right

पटना कोचिंग सेंटर पर क्यों और किसने चलाई गोली, हमले पर क्या बोले खान सर?

Khan Sir Coaching Attack: बिहार की राजधानी पटना में मशहूर शिक्षक खान सर के कोचिंग सेंटर को निशाना बनाकर देर रात बदमाशों ने हमला कर दिया. हमलावरों ने कोचिंग के बाहर जमकर फायरिंग और पथराव किया, जिसमें एक गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया है. खान सर ने आरोप लगाया है कि कम फीस में अच्छी शिक्षा देने की वजह से कोचिंग माफिया ने यह हमला करवाया है.

---खबर नीचे जारी है---

Khan Sir Coaching Attack: बिहार की राजधानी पटना से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है. यहां के मशहूर शिक्षक ‘खान सर’ के मुसल्लहपुर स्थित कोचिंग सेंटर (खान जीएस रिसर्च सेंटर) पर मंगलवार देर रात कुछ अज्ञात असामाजिक तत्वों ने धावा बोल दिया. बदमाशों ने कोचिंग संस्थान को निशाना बनाकर अंधाधुंध फायरिंग की और जमकर पथराव किया. इस हमले में कोचिंग के दफ्तर में भारी तोड़फोड़ हुई है और बीच-बचाव करने आए एक सुरक्षाकर्मी (गार्ड) को बेरहमी से पीटकर लहूलुहान कर दिया गया. घायल गार्ड को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसका इलाज चल रहा है.

इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल पैदा हो गया है. घटना की सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस टीम और पटना के एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और सुरक्षा के लिहाज से कोचिंग सेंटर के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया है.

---खबर नीचे जारी है---

सस्ती फीस पर बवाल, 2 दिन में उड़ाने की धमकी

एएनआई से बातचीत में खान सर ने इस हमले के पीछे ‘कोचिंग माफिया’ का हाथ बताया है. उन्होंने सीधा आरोप लगाया कि कुछ पास के ही कोचिंग संचालक इस बात से परेशान हैं कि वह इतनी कम और सस्ती फीस में बच्चों को इतनी बेहतरीन शिक्षा और रिजल्ट कैसे दे रहे हैं. खान सर ने कहा, “कुछ असामाजिक तत्व आए और कहने लगे कि इतनी कम फीस में क्यों पढ़ा रहे हो? बेहतर रिजल्ट आने से वे लोग तमतमाए हुए हैं. हमलावरों ने दो दिन के भीतर कोचिंग सेंटर को बम से उड़ाने की धमकी भी दी है.”

एसएसपी बोले- मामले की जांच जारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पटना के एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने बताया कि यह आपसी मारपीट और हमले का मामला है, जिसमें एक गार्ड घायल हुआ है. पुलिस पीड़ित गार्ड का बयान दर्ज कर रही है और आसपास के स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है. वहीं, खान सर ने इस घटना के बाद जिला प्रशासन से अपने और संस्थान के छात्रों की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम करने की गुहार लगाई है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके.

---खबर नीचे जारी है---

First published on: Jun 03, 2026 06:13 AM

End of Article

About the Author

Vijay Jain

विजय जैन भारतीय मीडिया जगत का एक विश्वसनीय और प्रतिष्ठित नाम हैं. वर्तमान में न्यूज 24 में सीनियर न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत विजय को प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में 23 से अधिक वर्षों का लंबा और समृद्ध अनुभव है. राजनीति, चुनाव, बिजनेस, क्राइम और करंट अफेयर्स जैसी हर प्रमुख बीट पर मजबूत पकड़ रखने वाले विजय अपनी निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं. पत्रकारिता में उनके अद्वितीय योगदान और नैतिक मूल्यों को बनाए रखने के लिए उन्हें साल 2018 में प्रतिष्ठित 'नेशनल श्रीफल अवार्ड' से सम्मानित किया गया था. डिजिटल दौर में वे ट्रेडिशनल जर्नलिज्म के अनुभवों को न्यू-एज मीडिया और SEO स्ट्रेटेजी के साथ जोड़कर खबरों को नया आयाम दे रहे हैं.

Read More
---विज्ञापन---
संबंधित खबरें
Sponsored Links by Taboola