IND vs ENG: हेडिंग्ले में जैक क्राउली और बेन डकेट की सलामी जोड़ी भारतीय टीम के लिए सिरदर्द बनी हुई है। टीम इंडिया से मिले 371 रनों के लक्ष्य के जवाब में इंग्लैंड ने बिना कोई विकेट गंवाए स्कोर बोर्ड पर 181 रन लगा दिए हैं। डकेट अपना शतक ठोक चुके हैं, जबकि क्राउली ने भी अर्धशतक जमा दिया है। पहले से परेशान टीम इंडिया के गेंदबाजों की टेंशन में यशस्वी जायसवाल ने और इजाफा कर दिया है। यशस्वी ने पहले टेस्ट मैच में चौथी बार एक ही गलती को दोहराया है। यशस्वी से हुई गलती को देखकर मोहम्मद सिराज का खून खौल उठा और वह बेहद नाराज दिखाई दिए।
यशस्वी ने फिर दोहराई वही गलती
बेन डकेट और जैक क्राउली टेस्ट के पांचवें और आखिरी दिन इंग्लैंड को तेजी से जीत की तरफ लेकर जा रहे हैं। दोनों के बीच 150 से ज्यादा रनों की साझेदारी हो चुकी है। डकेट ने शतक ठोक डाला है, तो क्राउली भी बेहतरीन लय में दिखाई दे रहे हैं। पहले सेशन के बाद दूसरे सेशन में भी अब तक भारतीय गेंदबाज एक भी विकेट नहीं निकाल सके हैं। पारी के 39वें ओवर में मोहम्मद सिराज ने एक मौका भी बनाया, लेकिन यशस्वी जायसवाल ने बाउंड्री लाइन पर कैच टपका दिया।
सिराज की गेंद पर डकेट ने डीप बैकवर्ड स्क्वायर लेग की तरफ शॉट खेला और यशस्वी गेंद की तरफ तेजी से दौड़े। यशस्वी गेंद तक पहुंच गए और उन्होंने डाइव लगाकर कैच पकड़ने का प्रयास किया। हालांकि, गेंद यशस्वी के हाथ पर लगकर छिटक गई। कैच ड्रॉप होने के साथ ही सिराज बेहद निराश दिखाई दिए और वह गुस्से में चीखते हुए भी नजर आए।
एक मैच में छोड़ा चौथा कैच
इंग्लैंड के खिलाफ हेडिंग्ले में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में यशस्वी जायसवाल ने यह चौथा कैच टपकाया है। इससे पहले फर्स्ट इनिंग में भी यशस्वी ने 3 कैच छोड़े थे और यह सभी कैच जसप्रीत बुमराह की गेंदबाजी में आए थे। एक मैच में यशस्वी से ज्यादा आजतक किसी भी भारतीय खिलाड़ी ने कैच नहीं टपकाए हैं। यह शर्मनाक रिकॉर्ड यशस्वी ने ना चाहते हुए भी अपने नाम दर्ज करा लिया है।