News24 हिंदी
न्यूज 24 डेस्क प्रतिष्ठित पत्रकारों की पहचान है। इससे कई पत्रकार देश-दुनिया, खेल और मनोरंजन जगत की खबरें साझा करते हैं।
Read More---विज्ञापन---
WTC Final 2025: लॉर्ड्स के मैदान पर चल रहे वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) फाइनल में ऑस्ट्रेलिया की आखिरी जोड़ी ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ इतिहास रच दिया। मिचेल स्टार्क और जोश हेजलवुड ने 10वें विकेट के लिए 59 रन की शानदार साझेदारी की। इस साझेदारी की मदद से ऑस्ट्रेलिया ने अपनी बढ़त 281 रन तक पहुंचा दी। लंच से ठीक पहले ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम 207 रन पर आउट हो गई। अब साउथ अफ्रीका को खिताब जीतने के लिए 282 रन बनाने होंगे।
मिचेल स्टार्क ने नाबाद 58 रन बनाए और जोश हेजलवुड ने 17 रन की उपयोगी पारी खेली। दोनों के बीच बनी 59 रन की साझेदारी ICC टूर्नामेंट के फाइनल में 10वें विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी बन गई है। इससे पहले यह रिकॉर्ड 1975 वर्ल्ड कप फाइनल में डेनिस लिली और जेफ थॉमसन के नाम था, जिन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ 41 रन जोड़े थे।
एक समय ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 73 रन पर 7 विकेट था। साउथ अफ्रीका को लग रहा था कि वे जल्द ही ऑस्ट्रेलिया को ऑलआउट कर देंगे, लेकिन स्टार्क और हेजलवुड ने उन्हें रोक दिया। स्टार्क ने धैर्य से खेलते हुए अपना 11वां टेस्ट अर्धशतक पूरा किया और टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
ऑस्ट्रेलिया इस टूर्नामेंट की मौजूदा चैंपियन है। 2023 में उसने फाइनल में भारत को हराया था। अब उसके पास लगातार दूसरी बार ट्रॉफी जीतने का सुनहरा मौका है। हालांकि, लॉर्ड्स के मैदान पर टेस्ट की चौथी पारी में 200 से ज्यादा रन का टारगेट बहुत मुश्किल रहा है। अब तक सिर्फ 4 बार ऐसा हुआ है और 2005 के बाद केवल एक टीम ही यह कर पाई है। अब देखना होगा कि क्या साउथ अफ्रीका यह मुश्किल लक्ष्य हासिल कर पाती है या ऑस्ट्रेलिया एक बार फिर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियन बनती है।
न्यूज 24 पर पढ़ें खेल, राष्ट्रीय समाचार (National News), मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।