IPL 2025 PBKS vs MI: आईपीएल 2025 में मुंबई इंडियंस का सफर अब खत्म हो चुका है। पंजाब किंग्स ने क्वालीफायर 2 में मुंबई इंडियंस को हराकर उसका छठी ट्रॉफी जीतने का सपना तोड़ दिया। वहीं मुंबई इंडियंस की हार में भी सूर्यकुमार यादव इतिहास रच गए। इस मैच सूर्या ने एक खास उपलब्धि हासिल करते हुए आरसीबी के पूर्व बल्लेबाज एबी डिविलियर्स को पीछे छोड़ दिया है।
सूर्यकुमार यादव ने रचा इतिहास
पंजाब किंग्स के खिलाफ सूर्यकुमार यादव ने एकबार फिर से शानदार बल्लेबाजी का नजारा पेश किया। हालांकि इस मैच में वे अपने अर्धशतक से चूक गए थे, लेकिन जैसे ही उन्होंने 15 रन बनाए सूर्यकुमार के नाम एक खास उपलब्धि दर्ज हो गई। सूर्यकुमार यादव अब आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले नॉन ओपनर बल्लेबाज बन गए हैं। इसके साथ ही उन्होंने एबी डिविलयर्स को पीछे छोड़ दिया है। आईपीएल 2016 में आरसीबी की तरफ से खेलते हुए एबी डिविलियर्स ने 16 मैचों में 687 रन बनाकर ये रिकॉर्ड अपने नाम किया था। जो अब टूट चुका है। सूर्यकुमार यादव ने इस सीजन 16 मैचों में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 167.92 के स्ट्राइक रेट से 717 रन बनाए। इस दौरान सूर्या के बल्ले से 5 अर्धशतक निकले।
ऑरेंज कैप हासिल करने का भी टूटा सपना
सूर्यकुमार यादव के लिए सीजन-18 काफी शानदार रहा। उन्होंने मुंबई इंडियंस के लिए हर मैच में शानदार बल्लेबाजी की। इसके अलावा सूर्या ऑरेंज कैप हासिल करने के भी प्रबल दावेदार थे लेकिन क्वालीफायर 2 में मिली हार के बाद उनका ये सपना टूट गया। ऑरेंज कैप की लिस्ट में सूर्या दूसरे पायदान पर रहे। अगर मुंबई इंडियंस क्वालीफायर 2 को जीत जाती तो फाइनल में फिर सूर्या के पास ऑरेंज कैप हासिल करना का मौका होता। ऑरेंज कैप पर फिलहाल गुजरात टाइटंस के साईं सुदर्शन का कब्जा है, जिन्होंने इस सीजन कमाल की बल्लेबाजी करते हुए 15 मैचों में 759 रन बनाए।
पंजाब किंग्स और आरसीबी के बीच होगा फाइनल
इस बार आईपीएल को एक नया चैंपियन मिलने वाला है। 3 जून को आईपीएल 2025 का फाइनल मुकाबला नरेंद्र मोदी स्टेडियम में पंजाब किंग्स और आरसीबी के बीच खेला जाएगा। ये दोनों टीमें आज तक आईपीएल का खिताब नहीं जीत पाई है, ऐसे में दोनों टीमों के पास पहली बार आईपीएल का खिताब जीतने का सुनहरा मौका है।